समाचार

चीन को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए भारत ने रुस से मांगा ब्रह्मास्त्र ‘S-400’, जानिए इसकी खासियत

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इन दिनों रूस दौरे पर हैं। भारत-चीन सीमा विवाद और 15 जून को दोनों सेनाओं के बीच हुए हिंसक झड़प में 20 जवानों के शहादत को देखते हुए राजनाथ सिंह के इस दौरे को काफी अहम माना जा रहा है। रक्षा मंत्री रूस की 75वीं विक्ट्री परेड में हिस्सा लेंगे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राजनाथ सिंह अपने इस दौरे पर रूस से एंटी मिसाइल सिस्टम S-400 की जल्द आपूर्ति करने की बात रख सकते हैं। भारत जल्द से जल्द S-400 की डिलीवरी चाहता है।

बता दें कि भारत ने रूस से एंटी मिसाइल सिस्टम S-400 की डील साल 2018 में की थी। यह दुनिया का सबसे एडवांस एंटी मिसाइल सिस्टम माना जाता है। भारत ने रूस से 5 अरब डॉलर यानी 40,000 करोड़ रूपए का सौदा किया था। आइये जानते हैं, इस सिस्टम में क्या है खास…

साल 2018 में भारत से डील के बाद रूस ने S-400 का निर्माण कार्य शुरू कर दिया था। डील के तहत भारत को ये मिसाइल 2025 तक सौंप दी जाएगी। डील में ये भी कहा गया है कि भारत को एंटी मिसाइल डिफेंस सिस्टम की पहली खेप अगले साल यानी 2021 तक मिल जाएगी, मगर चीन से सीमा विवाद को देखते हुए भारत जल्द ही इसकी डिलीवरी चाहता है।

400 किमी के दायरे में आना वाला हर दुश्मन होगा खत्म

इस डिफेंस सिस्टम की खासियत ये है कि 400 किलोमीटर के दायरे में आने वाले हर दुश्मन को ये खत्म कर देता है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि रूस अपनी रक्षा के लिए इस सिस्टम का इस्तेमाल साल 2007 से कर रहा है। वहीं चीन ने इस सिस्टम को साल 2014 में गर्वनमेंट टू गवर्नमेंट डील के तहत खरीदा था।

दरअसल, एस-400 एंटी मिसाइल डिफेंस सिस्टम एस-300 का अपग्रेडेड वर्जन है। यह सिस्टम जल्द ही भारतीय बेड़े में शामिल होने वाला है। माना जा रहा है कि इसके शामिल होने से भारतीय सेना की ताकत दोगुनी हो जाएगी। एस-400 मिसाइल सिस्टम काफी ताकतवर है। इसमें इतनी क्षमता है कि यह पांचवी पीढ़ी के लड़ाकू विमानों को भी खत्म करने का माद्दा रखता है।

400 किलोमीटर दायरे तक सक्रिय रहने वाले इस मिसाइल सिस्टम के भारतीय बेड़े में शामिल होने से भारतीय सेना को काफी मदद भी मिलेगी। यह 400 किलोमीटर के दायरे में आने वाले दुश्मनों को तुरंत खत्म करने की क्षमता रखता है। इससे दुश्मन के लड़ाकू विमान हों, ड्रोन हों या फिर मिसाइल, एस-400 एंटी मिसाइल डिफेंस सिस्टम के नजर में अगर कोई आ गया, तो ये उसे देखते ही वहीं ढेर कर देगा।

दुश्मन को कर सकता है तुरंत ट्रेस

एस-400 सिस्टम काफी अत्याधुनिक रडारों से लैस है। यह सीधे सैटेलाइट से कनेक्ट रहता है और अपने दुश्मनों को तुरंत ट्रैस करता है। इस सिस्टम की एक बड़ी खासियत है कि ये दुश्मनों के विमानों, मिसाइलों को हवा में ही खत्म कर सकता है।

एस-400 एंटी मिसाइल डिफेंस सिस्टम के अत्याधुनिक रडार 100 से 300 टारगेट एक साथ ट्रैक कर सकते हैं। इसमें लगी मिसाइलें 30 किमी ऊंचाई और 400 किलोमीटर की दूरी में स्थित लक्ष्य को सीधे भेद सकती है। इसकी एक खास बात ये भी है कि ये एक साथ 36 टारगेट को मार सकती है। इसके अलावा इस सिस्टम में 12 लॉन्चर मौजूद होते हैं।

Back to top button