दिलचस्प

घर में आयी थी बरात लेकिन ससुराल नहीं जा सकी दुल्हन, बीच में रोकनी पड़ी विदाई

कोरोना वायरस के कारण एक दुल्हन की विदाई नहीं हो सकी और दुल्हन को अपने घर में ही होम क्वारंटाइन होना पड़ा। ये मामला उत्तर प्रदेश के हमीरपुर का है। शादी के दौरान ही दूल्हे के परिवार वालों के कोरोना संक्रमित होने का पता चला। जिसके बाद दुल्हन को होमक्वारंटाइन किया गया और दूल्हे और बरात को बिना दुल्हन के वापस लौटना पड़ा।

रविवार को घर में आई थी बारात

क्वेटरा डेरा मजरा निवासी छेदालाल की बेटी गायत्री का विवाह रविवार को था। इनके गांव में कुरारा क्षेत्र के मंगलपुर गांव से बरात आई थी। ये शादी कोरोना नियमों के तहत की जा रही थी। इस शादी में केवल परिवार के लोगों को ही शामिल किया गया था। शादी होने के बाद गायत्री के परिवार वाले उसकी विदाई की तैयारियों में लग गए। वहीं इस दौरान दूल्हे का भाई व मां के कोरोना संक्रमित होने की बात सामने आई। जिसके बाद दुल्हन और उसके परिवार वालों को होमक्वारंटाइन कर दिया गया।

सोमवार की सुबह कन्या पक्ष दुल्हन की विदाई की तैयारी कर रहा था और इस बीच सूचना मिली कि दूल्हे का भाई व मां की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव है। ये जानकारी मिलते ही विदाई को रोक दिया गया और दोनों पक्षों ने बैठक की। जिसके बाद ये फैसला लिया गया कि एहतियातन के तौर पर दुल्हन की विदाई नहीं की जाएगा। विदाई ना करने के फैसले के बाद दूल्हा और बरातियों को बैरंग लौटना पड़ा। दुल्हन के पिता छेदालाल का कहना है कि बेटी की विदाई नहीं की है, अब सबकुछ सामान्य होने के बाद उसकी विदाई की जाएगी।

दुल्हन के घर के बाहर लगाया नोटिस

गांव में कोरोना संक्रमित आने के बाद सीएचसी सरीला की स्वास्थ्य कर्मियों की टीम और विकास खंड कर्मचारी ने छेदालाल के परिवार वालों को होमक्वारंटाइन कर दिया और इनके घर के बाहर नोटिस लगा दिया। टीम ने छेदालाल निषाद सहित संपर्क में आए सभी 16 लोगों की जांच भी की है और उसके बाद इन्हें होम क्वारंटाइन किया गया है। इतना ही नहीं दुल्हन के घर और गांव को अच्छे से सैनिटाइज भी किया गया है।

10 जून को दिल्ली से लौटे थे परिवार वाले

दूल्हे के परिवार वाले दिल्ली से लौटे थे। कहा जा रहा है कि मंगलपुरा गांव निवासी दूल्हे का पिता शिमला में रहता है। जबकि उसकी पत्नी और परिवार के अन्य लोग दिल्ली में रह रहे थे। दूल्हे का पिता 1 जून को शिमला से दिल्ली पहुंचा था और दस जून को पूरा परिवार शादी के लिए अपने गांव मंगलपुरा आया था। जिसके बाद सीएचसी कुरारा में इन लोगों की जांच की गई थी और 11 जून को इनके  सैंपल लिए गए थे। इस सैंपल की जब जांच की गई तो पाया कि दूल्हे की मां एवं भाई कोरोना से संक्रमित है। वहीं जिस समय इनके कोरोना संक्रमित होने की खबर मिली तो ये शादी में थे। ये खबर मिलते ही शादी बेरंग हो गई और बिना दुल्हन को लिए बरात को वापस गांव लौटना पड़ा। वहीं जो जो लोग इनके संपर्क में आए हैं उन सभी को होम क्वारंटाइन किया गया है।

Back to top button