समाचार

इटली को पिछाड़ भारत बना कोरोना से सबसे अधिक ग्रस्त होने वाला 6 देश, पहले 3 नंबर पर हैं ये देश

कोरोना वायरस से पूरी दुनिया ग्रस्त है और इस बीमारी से भारत भी बुरी तरह से प्रभावित हो चुका है। भारत में कोरोना वायरस के केस तीन लाख का आंकड़ा छूने वाले हैं और भारत कोरोना वायरस से सबसे बुरी तरह से प्रभावित होने वाला दुनिया का छठा देश बन गया है। भारत ने कोरोना के मामले में इटली को पीछे छोड़ दिया है और अमेरिका, ब्राजील, रूस, स्पेन और ब्रिटेन के बाद कोरोना वायरस से सर्वाधिक प्रभावित देशों की सूची में छठे स्थान पर आ गया है। जो कि एक चिंता का विशेष है।

रोज आ रहे हैं 10 हजार के करीब मामले

जून महीना शुरू होते ही भारत में कोरोना वायरस के मामलों में रफ्तार आई है और रोज 10 हजार के करीब कोरोना वायरस के नए केस सामने आ रहे हैं। देश में पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा 9,887 नए मरीज सामने आए हैं। जिसके साथ ही भारत में कोविड-19 के कुल मामले 2,36,657 हो गए हैं। मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ ही भारत में कोरोना वायरस से मरने वाले लोगों का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ रहा है और पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के कारण 294 मरीजों ने अपना दम तोड़ दिया। जिसके साथ ही भारत में मृतकों की संख्या बढ़कर 6,642 हो गई है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की और से दी गई जानकारी के अनुसार इस समय देश में 1,15,942 संक्रमित मरीजों का उपचार चल रहा है। जबकि 1,14,072 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अब तक 48.20 फीसदी मरीज स्वस्थ हो चुके हैं और संक्रमित मामलों में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।

ये राज्य हैं बुरी तरह से प्रभावित

भारत में कोरोना वायरस से सबसे अधिक मुबंई और दिल्ली शहर प्रभावित हुआ है। रोज इन दोनों शहरों से हजारों की संख्या में केस आ रहे हैं। दिल्ली में कल कोरोना वायरस के 1300 से अधिक नए केस आए थे। वहीं मुंबई में भी यही हाल है। मुंबई में रोज हजारों की संख्या में नए मामले आ रहे हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार कोरोना वायरस के सबसे अधिक केस महाराष्ट्र राज्य से आए हैं और यहां पर 80,229 लोगों में ये संक्रमण पाया गया है। इसके बाद तमिलनाडु में 28,694, दिल्ली में 26,334, गुजरात में 19,094, राजस्थान में 10,084, उत्तर प्रदेश में 9,733 और मध्य प्रदेश में 8,996 लोग संक्रमित हुए हैं।

महाराष्ट्र में हुई सबसे अधिक मौत

इस समय भारत में कोरोना वायरस से 6,642 लोगों की मौत हो चुकी है। जिनमें से सबसे ज्यादा 2,849 मौत महाराष्ट्र में हुई हैं। जिसके  बाद गुजरात में 1,190, दिल्ली में 708, मध्य प्रदेश में 384, पश्चिम बंगाल में 366, उत्तर प्रदेश में 257, तमिलनाडु में 232, राजस्थान में 218, तेलंगाना में 113 और आंध्र प्रदेश में 73 लोगों की मौत हुई है। मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक कर्नाटक में 57, पंजाब में 48 मरीजों की इस संक्रमण के कारण जान जा चुकी है। जम्मू-कश्मीर में 36 लोगों की मौत कोरोना से हुई है। जबकि बिहार में 29, हरियाणा में 24, केरल में 14, उत्तराखंड में 11, ओडिशा में आठ और झारखंड में सात लोगों की मौत हुई है। हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ में कोविड-19 से पांच-पांच लोगों की मौत हुई है। असम में चार जबकि छत्तीसगढ़ में दो लोगों की मौत इस वायरस ने ले ली है। मेघालय और लद्दाख में एक-एक की मौत कोरोना से हुई है। सरकार का कहना है कि कोरोना वायरस से उन लोगों की मौत सबसे अधिक हो रही है जो कि पहले से ही किसी अन्य बीमारियों से पीड़ित है।

Back to top button