समाचार

भारत में विमान में यात्रा करना नहीं होगा आसान, इन राज्यों में यात्रियों को किया जाएगा क्वारंटाइन

विमान सेवाओं की शुरूआत होने से पहले ही यात्रियों के लिए नई गाइडलाइन जारी की गयी है

देश में जल्द ही विमान सेवाएं शुरू होने वाली हैं और अब लोग एक राज्य से दूसरे राज्य आसानी से जा सकेंगे। हालांकि यात्रा करने वाले यात्रियों को सरकार द्वारा बनाए गए नियमों के तहत ही यात्रा करने की अनुमति दी जाएगी। वहीं विमान सेवाओं की शुरूआत होने से पहले ही पांच राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश ने यात्रियों के लिए नई गाइडलाइन जारी की है और जो भी लोग इन राज्यों में आएंगे उन्हें इन गाइडलाइन का पालन करना होगा।

केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और असम की सरकारों और जम्मू-कश्मीर के प्रशासन की और से बनाई गई गाइडलाइन के अनुसार इनके राज्य में आने वाले यात्रियों को क्वारंटाइन किया जाएगा और 14 दिनों के लिए उन्हें घर के अंदर ही रहना होगा।

केरल सरकार के नियम

केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के अनुसार उनके राज्य में प्रवेश करने वाले हर यात्री को 14 दिनों के लिए अपने घर में क्वारंटाइन किया जाएगा। हालांकि जो यात्री एक या दो दिन के लिए राज्य में आएंगे उनपर ये नियम लागू नहीं होगा।

जम्मू कश्मीर के नियम

विमान सेवा शुरू होने के बाद कुल 15 उड़ानें श्रीनगर भी जाने वाली है। ऐसे में इस जगह पर पहुंचने वाले लोगों को क्वारंटाइन किया जाएगा। कश्मीर के डिवीजनल कमांडर पी के पोल ने बताया कि श्रीनगर हवाई अड्डे पर पहुंचने वाले सभी यात्रियों को क्वारंटाइन किया जाएगा और साथ में ही हर यात्री का टेस्ट भी लिया जाएगा। टेस्ट लेने के बाद ही उन्हें घर जाने की इजाजत होगी।

कनार्ट सरकार के नियम

कर्नाटक राज्य सरकार ने भी विमान सेवा शुरू होने से पहले नियम बनाए हैं और इस राज्य की सरकार के अनुसार,महाराष्ट्र, गुजरात, तमिलनाडु, दिल्ली, राजस्थान और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों से आने वाले यात्रियों को 7 दिनों तक, सरकार की ओर से बनाए गए क्वारंटाइन होम में रहना होगा। सात दिन बाद उन्हें घर पर क्वारंटाइन किया जाएगा। वहीं जो लोग कम जोखिम वाले राज्य से आएंगे उन लोगों को 14 दिन तक घर पर ही क्वारंटाइन किया जाएगा।

आंध्र प्रदेश और तेलंगाना सरकार के नियम

आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और असम की सरकार ने भी यात्रियों के लिए नियम बनाए हैं। इन राज्यों में आने वाले यात्रियों को भी क्वारंटाइन किया जाएगा। वहीं मुंबई हवाई अड्डे पर आने वाले सभी यात्रियों की स्क्रीनिंग कि जाएगी और उन्हें 14 दिनों के लिए घर पर ही रहना होगा।

25 मई से शुरू हो रही हैं विमान सेवाएं

24 मार्च से देश में लॉकडाउन लगा हुआ है और तभी से विमान सेवाएं भी पूरी तरह से बंद है। वहीं अब सरकार ने विमान सेवाओं को शुरू करने का फैसला लिया है और 25 मई से देश में फिर से हवाई सेवाएं शुरू की जा रही हैं। घरेलू विमान सेवा शुरू करने से पहले कई सारे नियम और शर्तें बनाई गई हैं, जिनका पालन करना हर यात्री के लिए अनिवार्य होगा। केंद्रीय उड्डयन मंत्री हरदीप पुरी के मुताबिक, देश के सभी एयरपोर्ट से विमान सेवा शुरू की जाएगी और यात्रियों को हर नियम का पालन करना होगा।

ये हैं नियम

  • फ्लाइट से दो घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचना होगा।
  • हर यात्री के फोन में आरोग्य सेतु ऐप होना जरूरी है।
  • जिनकी फ्लाइट को चार घंटे हैं, उन्हें ही एयरपोर्ट पर एंट्री मिलेगी।
  • यात्रियों का मास्क और ग्लव्स पहनना जरूरी होगा।
  • सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होग।
  • एयरपोर्ट, विमान के कर्मचारियों को पीपीई किट पहनी होगा।

Back to top button