रिलेशनशिप्स

रिलेशनशिप में आने की ना करें जल्दबाजी, रिश्ते को हां कहने से पहले खुद से पूछें ये सवाल

अगर दूसरों को देखकर आप रिलेशनशिप में आ रहे हैं तो ये आपकी भूल हो सकती है

आज के समय में रिलेशनशिप में रहने का एक ऐसा ट्रेंड बन गया है कि सिंगल लोग बहुत कम ही बचें हैं। आज के दौर में बहुत कम ही लोग होंगे जो किसी के साथ रिलेशनशिप में ना हों। कुछ लोग तो प्यार के चलते एक दूसरे के करीब आ जाते हैं वहीं ऐसे भी लोग हैं जो इसलिए रिलेशनशिप में आना चाहते हैं क्योंकि सभी आ रहे हैं।

लोग अपनी पसंद और ना पसंद के बीच इतना उलझ चुके हैं कि उन्हें खुद भी नहीं समझ आता कि उन्हें क्या चाहिए। हर किसी को जीवन में एक साथी की जरुरत होती है, लेकिन आप सच में क्या ये रिश्ता निभाने के लिए तैयार हैं ये जान लेना बेहद जरुरी है। ऐसे में अगर आप किसी के साथ रिलेशनशिप में आने की सोच रहे हैं तो मन में पहले इन 4 बातों पर जरुर विचार करें।

क्या चाहता है दिल

आप दूसरे से क्या चाहते हैं इस सवाल से भी ज्यादा जरुरी है ये जानना की आप खुद से क्या चाहते हैं? आपको कोई अच्छा लगता है और आप उसके साथ रिलेशन में आना चाहते हैं। ऐसे में ये जान लीजिए की सच में आपकी ये ही इच्छा है या फिर दूसरों को रिलेशन में आता देख  रिश्ते में आने का मन बना रहे हैं। आप जिनसे जुड़ना चाहते हैं उनसे भविष्य या शादी जैसे विषयों पर पहले बात कर लें। ऐसे में एक दूसरे की राय जानने के बाद फैसला करने में आसानी होगी।

मन दे देता है जवाब

जब भी आपके मन में कोई सवाल होता है तो अक्सर उसका जवाब भी आपका मन दे देता है। बस आपको जरुरत है इस आवाज को सुनने की। कई बार होता है कि सामने वाला व्यक्ति आपके लिए ठीक नहीं है, लेकिन फिर भी उसकी एक खूबी देखकर आप बाकी सारी चीजें अनसुना और अनदेखा कर देते हैं। अगर किसी इंसान के करीब रहने पर आपको अच्छा नहीं लग रहा है या आपको ऐसा फील हो रहा है कि आगे आप उसके साथ खुश नहीं रहेंगे तो इन बातों पर ध्यान दें। अगर आप उनके साथ खुश नहीं है और इस बारे में आपको सोचना पड़ रहा है तो रिलेशनशिप में आने की जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए।

सलाह जरुरी

आप किसी के लिए क्या फील कर रहे हैं ये आपसे बेहतर कोई नहीं समझ सकता। हां, अगर कुछ बातों को आप नहीं समझ पा रहे हैं तो उन्हें दूसरों से पूछने में कोई बुराई नहीं है। आप इस मामले में अपने परिवार या फिर दोस्तों से बात कर सकते हैं। हालांकि उनकी सारी बातें सुनने के बाद अंतिम फैसला आपका होना चाहिए क्योंकि रिश्ता अच्छा निकले या बुरा ये जिम्मेदारी आपकी होगी।

पहले से ना बनाएं राय

आज के समय में हर कोई इतना तेजी से रिलेशन में आने लगा है जिसे समझ पाना बहुत मुश्किल है। जब आप किसी से मिलें तो पहले से राय ना बना लें कि आपको इनसे अब कभी नहीं मिलना या ये ही मेरे लिए परफेक्ट है। जब आप सामने वाले से बात करें तो अपने दिमाग को एकदम खुला छोड़ दें। उस बातचीत के दौरान आपको जो महसूस हो बस उसे समझें। ऐसा करने के बाद आप सही फैसला ले पाएंगे कि आप रिलेशनशिप में आना चाहते हैं या नहीं।

Back to top button