बॉलीवुड

पत्नी नीतू से भी ज्यादा इस लड़की से था ऋषि कपूर को प्यार, अफवाह ने तोड़ दिया था रिश्ता

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर अब इस दुनिया में नहीं हैं। सांस लेने में तकलीफ की वजह से उन्हें बीते बुधवार को मुंबई के एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। ऋषि कपूर के निधन की खबर सामने आने के साथ ही माहौल एकदम गमगीन हो गया। बॉलीवुड इंडस्ट्री तो इससे दुखी है ही, उनके फैंस भी उनके निधन के बाद बड़े ही मायूस हैं। पूरे बॉलीवुड में इस वक्त शोक की लहर दौड़ गई है। ऋषि कपूर से जुड़े अनसुने किस्से इस वक्त शेयर किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ऋषि कपूर और उनकी पत्नी से जुड़ा हुआ एक और दिलचस्प किस्सा सामने आया है।

पहली गर्लफ्रेंड का खुलासा

ऋषि कपूर की किताब है ‘खुल्लम-खुल्ला: ऋषि कपूर दिल से।’ अपनी इस किताब में उन्होंने अपनी पहली गर्लफ्रेंड के बारे में खुलासा किया था। ऋषि कपूर ने इसमें बताया था कि उनकी पहली गर्लफ्रेंड का नाम था यास्मीन मेहता था। वे एक पारसी लड़की थीं। ऋषि कपूर के मुताबिक यास्मीन मेहता के वे बहुत ही नजदीक थे। फिल्म बॉबी से पहले उन्होंने यास्मीन को डेट किया था, मगर मैगजीन में उनके बारे में एक अफवाह फैला दी गई थी, जिसके बाद यास्मीन से उनका रिश्ता टूट गया था।

अंगूठी मिली थी भेंट में

ऋषि कपूर ने अपनी इस किताब में बताया था कि वे जब एक-दूसरे को डेट कर रहे थे, उस दौरान यासमीन ने उन्हें एक अंगूठी गिफ्ट में दी थी, जिस पर कि शांति का चिन्ह बना हुआ था। डिंपल के साथ जब वे बॉबी फिल्म कर रहे थे, उसी दौरान उस अंगूठी को डिंपल ने उनसे लेकर पहन लिया था। डिंपल को राजेश खन्ना ने बाद में प्रपोज किया था, जिसके बाद यह खबर छपी थी कि राजेश खन्ना ने रिंग को देखने के बाद जुहू में अपने घर के पास उसे समुद्र में फेंक दिया था। ऋषि कपूर के मुताबिक सच्चाई यह थी कि डिंपल के साथ वे कभी प्यार में नहीं थे। डिंपल पर तो इस खबर का कोई प्रभाव नहीं पड़ा, पर यास्मीन से ऋषि कपूर का ब्रेकअप जरूर हो गया।

नाकाम रहीं मनाने की कोशिशें

ऋषि कपूर ने अपनी इस किताब में बताया है कि उनकी ओर से यास्मीन को मनाने की बहुत कोशिश की गई। दिल से वे चाहते थे कि उनकी जिंदगी में यास्मीन लौट आएं, लेकिन ऐसा कभी हो ना सका। फिर 1980 में नीतू कपूर के साथ ऋषि कपूर ने शादी कर ली और दोनों खुशहाल जिंदगी व्यतीत करने लगे।

एक साल बाद लौटे थे

गौरतलब है कि पिछले वर्ष अमेरिका से भारत ऋषि कपूर कैंसर का इलाज करा कर आए थे। एक साल तक अमेरिका में उनका इलाज चला था। सांस लेने में ऋषि कपूर को पिछले दिनों परेशानी होने लगी थी। उन्हें बुखार भी आ गया था और छाती में संक्रमण भी हो गया था। इस तरह से अभिनेता इरफान खान के निधन के एक ही दिन के बाद ऋषि कपूर का भी निधन हो गया और इसने उनके फैंस को पूरी तरह से झकझोर कर रख दिया।

पढ़ें ऋषि कपूर के अंतिम संस्कार में परिवार वालों ने नहीं किया रिद्धिमा का इंतज़ार, सामने आयी बड़ी वजह

Back to top button