समाचार

बॉलीवुड अभिनेता ऋषि कपूर का 68 वर्ष की उम्र में निधन, अमिताभ ने ट्वीट कर कहा- मैं टूट गया

बहुत लंबे वक्त से कैंसर से जंग लड़ रहे थे ऋषि कपूर, मुंबई के एक अस्पताल में हुआ निधन

बॉलीवुड अभी इरफान खान के निधन की खबर से उबर भी नहीं पाया था कि एक और झटका मिल गया। मुंबई के एक अस्पताल में अभिनेता ऋषि कपूर को उनकी बिगड़ती तबीयत की वजह से भर्ती कराया गया था जहां उन्होंने बीती रात आखिरी सांस ली। ऋषि कपूर का 68 साल की उम्र में निधन हो गया। खुद सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने इस खबर की जानकारी दी। बता दें की ऋषि कपूर लंबे समय से कैंसर से जंग लड़ रहे है। बीती रात उनकी तबीयत ज्यादा खराब हुई तो उन्हें मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उन्होंने आखिरी सांस ली।

अमिताभ बच्चन ने ट्वीट कर दी जानकारी

अमिताभ बच्चन ने ट्वीट कर लिखा- वो गया…ऋषि कपूर गए। अभी उनका निधन हुआ। मैं टूट चुका हूं। कपूर फैमिली से रणधीर कपूर ने अभी इस खबर की जानकारी थी। ऋषि कपूर को बुधवार को उनके परिवार ने एन एच रिलायंस अस्पताल में भर्ती कराया था। ऋषि के भाई और एक्टर रणधीर कपूर ने बताया कि उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी जिसके बाद उन्हें फौरन अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

अभी 29 अप्रैल को ही दिग्गज अभिनेता इरफान खान का निधन हुआ था। उनके निधन के सदमे से ना तो जनता और ना ही बॉलीवुड ऊबर पाया है। ऐसे में ऋषि कपूर के निधन की खबर ने फैंस के साथ साथ बॉलीवुड स्टार्स को भी तोड़ कर रख दिया है।ऋषि कपूर भी काफी लंबे समय से बीमारी से गुजर रहे थे और खराब तबीयत के चलते उन्हें पहले भी कई बार अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

लंबे समय से बीमार थे ऋषि कपूर

बता दें कि ऋषि कपूर 2018 में कैंसर के इलाज के लिए न्यू यॉर्क गए थे। इस इलाज के लिए उन्होंने 11 महीने न्यू यॉर्क में बिताए थे। वहां से ठीक होकर आए ऋषि कपूर ने कहा था कि वो अभी ठीक हैं,  लेकिन आगे उनका इलाज जारी रहेगा और उन्हें पूरी तरह से ठीक होने में वक्त लगेगा।

गौरतलब है कि न्यू यॉर्क से लौटने के बाद ऋषि कपूर ने द बॉडी नाम की फिल्म में काम किया था। इस फिल्म में ऋषि कपूर के साथ साथ इमरान हाशमी और शोभिता धुलिपाला भी थी। ये फिल्म 2012 में रिलीज हुई एक फ्रेंच फिल्म की रीमेक थी। हालांकि फिल्म को कुछ सफलता नहीं मिली थी।

हिंदी सिनेमा में ऋषि का योगदान

बता दें कि ऋषि फिल्मों में एक्टिव रहने के साथ साथ सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहते थे। उन्हें कई बार उनके ट्वीट्स और पोस्ट के लिए ट्रोल भी किया जाता था, लेकिन फिर भी उनके फैंस की कमी नहीं थीं। ऋषि कपूर ने हिंदी सिनेमा में एक बेहतरीन वक्त गुजारा है और कई यादगार फिल्में दी हैं। उन्होंने अमिताभ बच्चन के साथ भी कई फिल्मों में काम किया है।

ऋषि कपूर ने बॉबी, कभी कभी, चांदनी, दीवाना, नगीना, प्रेम रोग, प्रेम ग्रंथ,  दामिनी, सरगम, हम तुम, 102 नॉट आउट जैसी कई हिट फिल्मों में काम किया था। ऋषि की जोड़ी नीतू कपूर के साथ भी खूब जंचती थी। उनकी खराब तबीयत के समय नीतू भी उनके साथ अस्पताल में मौजूद थीं। पूरे कपूर खानदान के लिए ये काफी संकट का समय है और लॉकडाउन के चलते लोगों का एक जगह इकट्ठा होना भी मुश्किल है।

Back to top button