समाचार

AAP विधायक की धमकी से तंग आकर डॉक्टर ने की खुदकुशी, सुसाइड नोट के जरिए जाहिर किया अपना दर्द

राजेंद्र सिंह के परिवार वालों ने पुलिस को एक ऑडियो भी सौंपा है, जिसमें विधायक जारवाल राजेंद्र सिंह को धमकी दे रहा है।

राजधानी दिल्ली के एक डॉक्टर ने आप पार्टी के एक विधायक की धमकियों से तंग आकर आत्महत्या कर ली है। आत्महत्या करने वाले डॉक्टर का नाम राजेंद्र सिंह है। जो कि दिल्ली के देवली इलाके में अपने परिवार के साथ रहते थे। राजेंद्र सिंह ने आत्महत्या करने से पहले एक सुसाइड नोट भी लिखा था। जिसमें उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक प्रकाश जरवाल और उनके साथी कपिल नागर को अपनी आत्महत्या का दोषी बताया है। राजेंद्र सिंह की उम्र 52 साल थी और लंबे समय से ये दिल्ली में रह रहे थे।

इस वजह से की आत्महत्या

राजेंद्र सिंह के तीन पन्नों के सुसाइड नोट के अनुसार आम आदमी पार्टी विधायक प्रकाश जरवाल और कपिल नागर उनको काफी लंबे समय से धमकी दे रहे थे और इन्हीं धमकियों के कारण उन्होंने आत्महत्या का फैसला किया। विधायक प्रकाश जरवाल और कपिल नागर राजेंद्र सिंह से पैसे वसूलने के लिए उन्हें परेशान कर रहे थे। दरअसल राजेंद्र ने दिल्ली जल बोर्ड को अपने टैंकर कॉन्ट्रेक्ट पर दिये थे और वो अपने टैंकर कॉन्ट्रेक्ट को आगे बढ़ाना चाहते थे। जिसके लिए उनसे मोटी रकम मांगी जा रही थी। लेकिन राजेंद्र सिंह पैसे नहीं दे सके। जिसके बाद उनके टैंकरों को जल बोर्ड से हटवा दिया गया। इतना ही नहीं आप विधायक प्रकाश जरवाल ने उनके लाखों के बिल भी अटका दिए। साथ में ही प्रकाश जरवाल राजेंद्र सिंह को फोन करके धमकी भी देते थे।

आप विधायक प्रकाश जरवाल

इन सभी चीजों से तंग आकर राजेंद्र सिंह ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। वहीं पुलिस ने उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सुसाइड नोट को अपने कब्जे में ले लिया है और इस नोट के आधार पर केस दर्ज किया है।

 

दिल्ली पुलिस ने प्रकाश जारवाल, कपिल नगर और अन्य आरोपियों के खिलाफ जबरन वसूली और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामल दर्ज किया है। वहीं राजेंद्र सिंह के परिवार वालों ने पुलिस को एक ऑडियो भी सौंपा है। जिसमें विधायक जारवाल राजेंद्र सिंह को धमकी दे रहा है। राजेंद्र सिंह  के सुसाइट नोट के अनुसार जारवाल ने उन्हें धमकी देते हुए कहता था कि ” तुम घटिया क्वालिटी का खाना सप्लाई करो। या एक दिन छोड़कर खाना सप्लाई करो लेकिन मुझे मेरा हिस्सा चाहिए और अगर तुम मेरा हिस्सा नहीं दोगे तब मैं तुम्हें भ्रष्टाचार के केस में जेल में भिजवा दूंगा।

डॉ राजेंद्र सिंह के बेटे हेमंत ने पुलिस को बताया कि उनके पिता क्लिनिक चलाते थे और साथ में ही पानी सप्लाई का काम भी किया करते थे। उनके पिता को लंबे समय से आप विधायक प्रकाश जारवाल और उसके लोग परेशान कर रहे थे। जिसके कारण उनके पिता ने ये कदम उठाया और आत्महत्या कर ली। दिल्ली पुलिस इस मामले की जांच में लगी हुई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार भी किया जा सकता है। हालांकि विधायक जारवाल ने अपने पर लगे सभी आरोपों को गलत बताया है और कहा है कि उन्हें उम्मीद नहीं थी राजेंद्र सिंह इस तरह का कोई कदम उठा सकते हैं।

Back to top button