विशेष

TRP में महाभारत को रामायण ने छोड़ा पीछे, DD बना नंबर 1 चैनल, देखें टॉप 5 शो की लिस्ट

दूरदर्शन पर इस वक्त 90 के दशक में प्रसारित होने वाले लोकप्रिय सीरियल्स रामायण और महाभारत का फिर से प्रसारण हो रहा है। रामायण की लोकप्रियता देखते ही बन रही है। बार्क की 14वें हफ्ते की टीआरपी रेटिंग जो जारी हुई है, उसमें रामायण का जलवा दिख रहा है। यह नंबर वन का शो बना हुआ है। यही नहीं, दूरदर्शन ने सभी चैनलों को फिर से पछाड़ दिया है और लगातार दूसरी बार इसने नंबर वन चैनल की रैंक हासिल कर ली है। यहां हम आपको 14वें हफ्ते के टॉप-5 शोज के बारे में बता रहे हैं।

नंबर 1 पर रामायण

सबसे पहले नंबर पर इस वक्त रामानंद सागर का रामायण चल रहा है। लॉकडाउन के दौरान यदि सबसे अधिक कोई सीरियल देखा जा रहा है तो वह रामायण ही है। दिन में दो बार इसका प्रसारण किया जा रहा है।

नंबर 2 पर महाभारत

दूसरे नंबर के शो की बात करें तो बीआर चोपड़ा का महाभारत इस नंबर पर बना हुआ है। रामायण के बाद यदि कोई शो दर्शकों को इस वक्त सबसे अधिक पसंद आ रहा है तो वह महाभारत ही है। डीडी भारती पर तो इसका प्रसारण किया ही जा रहा है, साथ में हाल ही में दूरदर्शन की ओर से लांच किए गए डीडी रेट्रो चैनल पर भी इसका प्रसारण हो रहा है।

नंबर 3 पर प्यार की लुका छिपी

तीसरे नंबर पर इस वक्त प्यार की लुका छिपी नामक सीरियल चल रहा है, जिसका प्रसारण दंगल चैनल पर होता है। राहुल शर्मा और अपर्णा दीक्षित इस सीरियल में लीड भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। दोनों के बीच की प्रेम कहानी पर आधारित इस सीरियल को दर्शकों का खूब प्यार मिल रहा है और रामायण व महाभारत के बाद लोकप्रियता के मामले में यह तीसरे नंबर पर बना हुआ है।

नंबर 4 पर महिमा शनिदेव की

दंगल पर ही प्रसारित होने वाले शो महिमा शनिदेव की इस वक्त चौथे नंबर पर बना हुआ है। दयाशंकर पांडे की ओर से शनिदेव का किरदार इस शो में निभाया गया है। दंगल चैनल पर दोबारा इसका टेलीकास्ट इस वक्त चल रहा है। वर्षों बाद लौटने के बाद भी दर्शकों को यह खूब पसंद आ रहा है।

नंबर 5 पर बाबा ऐसा वर ढूंढो

दंगल का ही एक और शो बाबा ऐसो वर ढूंढो इस वक्त पांचवे नंबर पर चल रहा है। वर्ष 2010 में इसका प्रसारण किया गया था और 2012 में यह बंद हो गया था। अब दंगल पर फिर से इसका प्रसारण हो रहा है।

शक्तिमान ने भी बनाई जगह

GEC कैटेगरी के तहत यहां बताए गए टॉप-5 शोज के आंकड़े आधारित हैं। हालांकि, यदि हिंदी GEC रूरल और अर्बन पर नजर डालें तो इन दोनों कैटेगरी में भी इस वक्त रामायण ही नंबर एक पर बना हुआ है। वही हिंदी GEC अर्बन में इस वक्त शक्तिमान चौथे स्थान पर चल रहा है। रामायण और महाभारत के साथ यह भी दर्शकों को खासा पसंद आ रहा है। चैनल में नंबर एक पर दूरदर्शन और दूसरे नंबर पर दंगल काबिज है।

पढ़ें रामायण की ‘सीता’ ने असल जिंदगी में रचाई हैं इस शख्स से शादी, देखे शादी के अनदेखी तस्वीरें

Back to top button