समाचार

लॉकडाउन 2.0: सरकार ने जारी किए नए दिशा-निर्देश, इन चीज़ों पर सरकार ने छूट देने का निर्णय किया

कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के चलते केंद्र सरकार ने देश में लॉकडाउन की अवधि को और बढ़ा दिया है और अब तीन मई तक के लिए पूरे देश में लॉकडाउन जारी रहेगा। 14 अप्रैल को देश को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने लॉकडाउन को जारी रखने का एलान किया था। वहीं आज  केंद्रीय गृह मंत्रालय ने नए दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। जिसमें बताया गया है कि लॉकडाउन के दौरान कौन सी सेवाएं बंद रहेगी और किन सेवाओं को शुरू किया जाएगा।

  • केंद्रीय गृह मंत्रालय के अनुसार सभी तरह की परिवहन सेवाओं पर रोक जारी रहेगी और लोग बस, मेट्रो, हवाई, ट्रेन से सफर नहीं कर सकेंगे।
  • राज्यों की सीमाएं सील ही रहेंगी। लेकिन आवश्यक सेवाओं के लिए लोगों को बाहर जाने की अनुमति दी जाएगी। स्कूल, कॉलेज और कोचिंग सेंटर को भी 3 मई तक बंद ही रखा जाएगा।
  • घर से बाहर जाते समय मुंह को ढंकना अनिवार्य होगा।
  • सार्वजनिक स्थानों पर थूकने पर भारी जुर्माना देना होगा।
  • सिनेमा हॉल, मॉल्स, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, जिम, खेल परिसर, स्विमिंग पूल तीन मई तक बंद ही रखें जाएंगे।
  • सभी धार्मिक स्थान बंद रहेंगे।
  • लोगों की अंतर-राज्यीय, अंतर-जिला आवाजाही पर भी रोक जारी रहेगी।
  • अंतिम संस्कार के दौरान 20 से ज्यादा लोगों  शामिल नहीं हो सकते हैं।

इन चीजों को मिली रियायत

  • लॉकडाउन के कारण किसानों पर काफी बुरा प्रभाव पड़ रहा है और किसानों की फसले खेतों में खराब हो रही हैं। ऐसे में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कृषि से जुड़े कामों पर छूट दी है। मंत्रालय के अनुसार 20 अप्रैल से जिन गतिविधियों को मंजूरी दी जाएगी उनमें कृषि, बागवानी, खेती, कृषि उत्पादों की खरीद, ‘मंडियां’ शामिल है।
  • मनरेगा के तहत कार्यों को जारी रखा जाएगा।
  • ग्रामीण इलाकों में चल रहे उद्योगों को 30 अप्रैल से काम करने की अनुमति दी जाएगी। लेकिन इसके लिए सामाजिक दूरी के सख्त नियम बनाए जाएंगे।
  • राज्य सरकार की तरफ से किए जा रहे निर्माण कार्यों में रियायत दी गई है।

गौरतलब है कि पीएम मोदी ने मंगलवार को देश के नाम संबोधन देते हुए कहा था कि 20 अप्रैल तक और ज्यादा सख्ती जारी रहेगी। वहीं कई चीजों पर छुट भी दी जाएगी। मोदी ने कहा था कि 20 अप्रैल के बाद जो इलाके हॉटस्पॉट नहीं होंगे या जिनके हॉटस्पॉट में बदलने की संभावना नहीं होगी उन्हें कई तरह की छूट दी जाएगी। वहीं आज इन्हीं छूट को लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अपने नए दिशा-निर्देश जारी करते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने ये साफ किया है कि छूट मिलने के साथ ही लोगों को सामाजिक दूरी का पालन भी करना होगा।

10 हजार के पार पहुंचे मरीज

देश में इस समय कोरोना वायरस के मरीजों को संख्या 10 हजार के पार पहुंच गई है। कोरोना वायरस से इस समय महाराष्ट्र, दिल्ली और राजस्थान राज्य बुरी तरह से प्रभावित हैं। इन राज्यों में रोज काफी संख्या में कोरोना के मामले आ रहे हैं। वहीं केरल राज्य में कोरोना के नए मामलों में पहले की तुलना में गिरावट आ रही है और इस राज्य में कोरोना वायरस नियंत्रण में है।

Back to top button