राजनीति

अमित शाह का CAA पर बड़ा बयान, कहा- ‘वोट बैंक के लिए तमाम विपक्षी पार्टियों ने दंगा करवाए

दिल्ली में विधानसभा चुनाव की सरगर्मी तेज है। ऐसे में सभी पार्टी के नेता अपने अपने पार्टियों के लिए चुनावी प्रचार में जुट गए हैं। दिल्ली की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी ने बहुत पहले ही चुनावी बिगुल फूँक दिया था, तो भाजपा भी मैदान पर उतर चुकी है। मतदान की तारीख जैसे जैसे नजदीक आ रही है, वैसे वैसे राजनीतिक पार्टियों के नेताओं की बयानबाजी भी तेज हो रही है। ऐसे में अमित शाह ने एक चुनावी कार्यक्रम में कुछ बड़े वादे किए हैं। तो आइये जानते हैं अमित शाह ने क्या कहा है।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दिल्ली में एक चुनावी कार्यक्रम में कहा कि दिल्ली में 1731 अनाधिकृत कॉलोनियां हैं। जिसमें 50 लाख लोग रहते हैं। इन 50 लाख लोगों को अपना मालिकाना हक मिलने वाला है। अमित शाह लगातार अपने भाषणों में दिल्ली की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने अपने भाषण में केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा है कि इस बार दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल के पास बोलने को कुछ नहीं है, इसलिए अब वो भाषण नहीं सिर्फ रोड शो कर रहे हैँ। गृहमंत्री ने कहा कि हमारे लिए ही नहीं पूरे देश के लिए सबसे बड़ा मुद्दा इस वक्त देश की सुरक्षा का है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए मोदी जी ने कश्मीर से 370 हटाया। ऐसा करना सिर्फ हमारी ही नहीं बल्कि पूरे देश की यही तमन्ना थी। अमित शाह ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने वोट बैंक से डरती है। इसलिए वो कश्मीर से 370 नहीं हटा सके।

अमित शाह ने गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में कहा कि इस बार कश्मीर में भी तिरंगा फहराएगा। और शान से फहराया जाएगा। शाह ने अपने कार्यकाल के कामकाज गिनाए। उन्होंने कहा कि हमने मुस्लिम बहनों के लिए तीन तलाक जैसे काले कानून को हटाया। इसके अलावा पूरी देश और दुनिया चाहती थी कि राम मंदिर बने। और ये चाहत आज कि नहीं बल्कि सैकड़ोंं  साल पुराना है। गृहमंत्री ने जनता को संबोधित करते हुए कहा देश दुनिया के लोग 550 साल से राम मंदिर बनते देखना चाहते थे। राम मंदिर के निर्माण के बारे में  अमित शाह ने कहा कि अगले चार महीने में नरेंद्र मोदी अयोध्या में भव्य मंदिर का निर्माण करवाएंगे।

अपने भाषण में अमित शाह ने पाकिस्तान के बारे में कहा कि पहले हमारे देश में आतंकी हमले होते थे। लेकिन अब तो घर में घुसकर जवाब दिया जाता है। उनका इशारा सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक पर था। उन्होंने कहा कि जो लोग इसका जवाब मांगते हैं या सबूत मांगते हैं उन्हें पाकिस्ता का टीवी देखना चाहिए। वहां लोग छाती पीट रहे हैं।

हाल ही में चल रहे नागरिकता संशोधन कानून पर भी अमित शाह ने बोला कि CAA नागरिकता लेने का नहीं बल्कि देने का कानून है। अमित शाह ने कहा कि वोट बैंक के लिए तमाम विपक्षी पार्टियों ने दंगा करवाए। लेकिन हम CAA वापस नहीं लेंगे। विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधते हुए गृहमंत्री ने कहा कि वो कहते हैं कि हम शाहीन बाग के साथ हैं, वोट के लालच ने इनकी आंखों पर पट्टी बांध दी है।

अमित शाह ने टुकड़े टुकड़े गैंग पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये लोग भारत तेरे टुकड़े होंगे का नारा लगाने वालों का समर्थन करते हैं। केजरीवाल ने टुकड़े टुकड़े गैंग के खिलाफ मुकदमा होने नहीं दिया। मैं वादा करता हूँ भाजपा की सरकार बनी तो अगले दिन टुकड़े टुकड़े गैंग को जेल भेज देंगे।

Back to top button