दिलचस्प

कहानी: एक बुजुर्ग कबूतर की समझदारी की वजह से जाल में फंसे कबूतर शिकारी से अपनी जान बचा पाए

अक्सर हम लोग अपने बुजुर्गों द्वारा दी गई सलाह को नहीं मानते हैं और सलाह ना मानने के चलते आगे जाकर हमें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस संदर्भ से एक कहानी भी जुड़ी हुई है। कहानी के अनुसार एक पेड़ पर कई सारे कबूतर परिवार की तरह रहा करते थे। इन कबूतर में से एक कबूतर बेहद ही बुजुर्ग हुआ करता था।

जिस पेड़ पर ये कबूतर रहा करते थे उस पेड़ पर नन्ही-सी बेल का तना लिपटने लगा। तने को देख बुजुर्ग कबूतर ने अन्य कबूतरों से कहा, कि ये तना अभी छोटा है। इस तने को जल्द से जल्द काट दो। क्योंकि आगे जाकर ये तना और बढ़ जाएगा और धीरे धीरे पूरे पेड़ पर लिपट जाएगा। ऐसा होने से कोई भी शिकारी या जानवर आसानी से इस पेड़ पर चढ़ सकता है और हमें पकड़ सकता है। बुजुर्ग कबूतर की ये बात अन्य कबूतरों ने नहीं मानी और बुजुर्ग कबूतर से कहा, ऐसा कुछ नहीं होगा आप बेवजह ही परेशान हो रहे हैं। इस तने से हमें किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचेगा।

बुजुर्ग कबूतर की बात को सभी ने अनदेखा कर दिया। वहीं समय बीतता गया और एक दिन ये तना बेहद ही बड़ा होगा और पूरे पेड़ पर अच्छे से लिपट गया। तने से पेड़ में एक सीड़ी भी बन गई जिसको चढ़कर कोई भी आसानी से कबूतरों के घौंसले तक पहुंच सकता था।

एक दिन बुजुर्ग कबूतर अन्य कबूतरों के साथ जंगल घूमने के लिए जाता है। उसी दौरान एक शिकारी पेड़ पर जाल बिछा देता है। जैसे ही कबूतर वापस से अपने घौंसले में आते हैं। तो जाल में फंस जाते हैं। जाल में फंसकर हर कबूतर परेशान हो जाता है। फिर ये सभी कबूतर बुजुर्ग कबूतर से इस समस्या से निकलने का रास्ता पूछते हैं। बुजुर्ग कबूतर अन्य कबूतरों को कहता है कि मैंने पहले ही कहा था कि तने को काट दो, तने की वजह से शिकारी आसानी से इस विशाल पेड़ पर चढ़कर यहां जाल बिछा पाया है। अगर तुम इस समस्या से निकलना चाहते हो तो मेरी बात को ध्यान से सुनों। जब शिकारी हमे लेने के लिए आए तब सब मरने का नाटक करना। ऐसा करने से शिकारी हमें जाल से निकाल देगा।

जैसे ही शिकारी कबूतरों को लेने आया तो बुजुर्ग कबूतर की बात को मानते हुए सभी कबूतरों ने मरने का नाटक किया। कबूतरों को मरा देख शिकारी ने उन्हे जाल से निकलान शुरू कर दिया। जैसे ही शिकारी ने सभी कबूतरों को जाल से निकाला तो एक साथ सभी कबूतर उड़ गए और इस तरह से बुजुर्ग कबूतर की सलाह को मानने से कबूतरों की जान बच जाती है। सभी कबूतर बुजुर्ग कबूतर से माफी मांगते और उनसे कहते हैं कि हम आगे से कभी भी आपकी बात ना मानने की गलती नहीं करेंगे।

इस कथा से मिली सीख- अगर बुजुर्ग लोगों द्वारा हमें कोई सलाह दी जाए तो उसका पालन करने में ही भलाई होती है।

Back to top button