बॉलीवुड

रानू मंडल की तरह 13 साल की ये लड़की भी हुई थी रातोंरात फेमस, रेलवे स्टेशन पर गाती थी गाना

फर्श से अर्श तक सफर तय कर चुकीं रानू मंडल की कहानी किसी फिल्मी स्टोरी से कम नहीं है, जिनके बारे में जानने के लिए हर दूसरा इंसान उत्सुक है। जी हां, रानू मंडल ने रेलवे स्टेशन से सीधा स्टूडियो तक का सफर तय किया और अब वे इंटरनेट की स्टार बन चुकी हैं। हाल ही में रानू मंडल का गाना तेरी मेरी कहानी रिलीज हुई, जिसे लोगों के बीच खूब पसंद किया जा रहा है। रानू मंडल की संघर्ष की कहानी से आज हर दूसरा इंसान परिचित है, लेकिन इससे पहले एक और लड़की ने भी फर्श से अर्श तक का सफर तय किया था, जिसके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं।

लता मंगेशकर का गाना ‘एक प्यार का नगमा है’ गाकर सोशल मीडिया पर रातों-रात फेमस हुई रानू मंडल की ज़िंदगी अब पूरी तरह से बदल गई है। रानू मंडल हिमेश रेशमिया के साथ काम कर रही हैं, जिनका पहला गाना रिलीज हो गया है। इस मौके पर रानू मंडल और हिमेश रेशमिया दोनों ही भावुक हो गए थे, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। खैर, यहां हम बात रानू मंडल की नहीं, बल्कि एक 13 साल की लड़की की कर रहे हैं, जिसके आवाज़ ने भी सोशल मीडिया को अपना दीवाना बनाया था, लेकिन अब वह कहीं खो सी गई है।

रेलवे स्टेशन से सीधा स्टूडियो पहुंची थी ये लड़की

रानू मंडल की तरह दुर्गा भी रेलवे स्टेशन और ट्रेन के अंदर गाना गाकर अपने परिवार का पेट भरती थी। दुर्गा ने छोटी सी उम्र में ही ये काम करना शुरु कर दिया था, ताकि अपने परिवार का पेट भर सके। स्टेशन पर गाना गाने वाली दुर्गा को फट फिश रिकॉर्ड्स के आनंद सुरापुर ने  उसे स्नेहा खनवालकर के पास ऑडिशन के लिए भेजा था, जहां उसके आवाज़ को खूब पसंद किया गया था। इतना ही नहीं, इसके बाद उसने स्टूडियो तक का सफर तय किया, लेकिन अब फिर से गुमशुदा हो गई।

फिल्म गैंग्स ऑफ वासेपुर में गाया था गाना


दुर्गा की आवाज़ से प्रभावित होकर स्नेहा ने उसे 13 साल की उम्र में अनुराग कश्यप की गैंग्स ऑफ वासेपुर में गाना गाने का मौका दिया, जिसमें उनकी आवाज़ ने लोगों को दीवाना बना दिया था। बता दें कि दुर्गा ने इस फिल्म में दिल छिछालेदर गाने को अपनी आवाज़ दी थी, जोकि उस समय काफी हिट हुआ था और रातों रात दुर्गा स्टार बन गई थी। इतना ही नहीं, दुर्गा आंध्र प्रदेश की थी, जिसकी वजह से वे हिंदी गाने नहीं सुनती थी, लेकिन स्नेहा की मदद से उन्होंने बहुत अच्छे से हिंदी गाना गाया और लोगों को दिवाना बना दिया।

बॉलीवुड से गायब हो गई दुर्गा

महज 13 साल की उम्र में अपनी आवाज़ से दीवाना बनाने वाली दुर्गा एक बार फिर गुमनामी की ज़िंदगी जी रही है। दरअसल, इस गाने के बाद उन्होंने बॉलीवुड से दूरी बना ली, जिसकी वजह से अब उनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं, लेकिन उस समय हर दूसरे शख्स की जुबान पर दुर्गा का नाम था, जिन्हें लोगों ने खूब प्यार दिया। बता दें कि अनुराग कश्यप अपने फिल्मों में टैलेंट को जगह देने के लिए जाने जाते हैं।

Back to top button