![conquer up election rss made plan for bjp](https://www.newstrend.news/wp-content/uploads/2016/12/up-elcetion-rss-plan-newstrend-01.12.16-3.jpg)
जानिये किस रणनीति के तहत आरएसएस भाजपा को उत्तर प्रदेश चुनाव में विजयी बनाने की तैयारी मैं है?
अगले साल उत्तर प्रदेश में विधानसभा का चुनाव होने वाला है और आरएसएस भाजपा को चुनाव में जीत दिलाने के लिए पूरी तरह से तैयार हो चुकी है। बुधवार को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में आने वाले विधानसभा चुनाव को मद्देनजर रखते हुए आरएसएस के रणनीतिकारों ने समन्वय बैठक करके सरकार के नोटबंदी, सर्जिकल स्ट्राइक को जनता से बीच कैसे कैश किया जाये इस बारे में विचार किया। साथ ही चुनाव के दौरान किसी प्रकार की दिक्कत ना हो इसके लिए सेवकों को अनुशासन का पाठ भी पढ़ाया गया।
कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को पढ़ाया गया अनुशासन का पाठ:
आपको बता दें यह बैठक लगभग 8 घंटे तक चली और इसमें आरएसएस के अन्य अनुषांगिक संगठन भी मौजूद थे। बैठक में 2014 के लोकसभा चुनाव के मोदी लहर को फिर से दुहराने के बारे में विचार किया। इस बैठक से स्थानीय भाजपा नेताओं और मीडिया को दूर रखा गया। इस बैठक का आयोजन नगर के भूड़ रोड पर बने विराट फार्म हाउस पर किया गया। इस बैठक का मुख्य उद्देश किसी भी तरह से इस बार उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा को जीत दिलाने की योजना बनाना था। साथ ही सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को अनुशासन और मर्यादा के बारे में बताना भी था। इस बैठक में यह निर्णय लिया गया कि एक बार फिर से भाजपा और मोदी लहर को फैलाना है।
सर्जिकल स्ट्राइक और नोटबंदी से जनता बहुत खुश:
बैठक में इस बारे में चर्चा की गयी कि भारत द्वारा पाकिस्तान पर की गयी सर्जिकल स्ट्राइक और नोटबंदी से जनता बहुत खुश है और इस समय जनता का पूरा भरोसा भाजपा के ऊपर है। नोटबंदी के विरोध में विपक्षी दलों ने जो भारत बंदी की योजना बनाई थी, वह निर्थक साबित हुई। इसको हम किस तरह जनता के बीच भुना सकते हैं, इस बारे में भी चर्चा की गयी। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि कोई भी कार्यकर्ता या सेवक भाजपा के मंच पर नहीं चढ़ेगा और ना ही माइक पकड़कर कुछ बोलेगा। चुनाव के समय भाजपा को पीछे से सहायता देनी है ना कि आगे से।
नहीं दिया जायेगा दागी लोगों को टिकट:
इस बार पक्षिमी उत्तर प्रदेश में कौन सी सीट पर किसे टिकट दिया जायेगा, इस बारे में भी बात की गयी। इस बार इस बात का भी ख़ास ध्यान रखने की बात कही गयी है कि, किसी दागी व्यक्ति को टिकट नहीं दिया जायेगा। केवल उन लोगों को ही टिकट दिया जायेगा जिनकी छवि जनता के बीच अच्छी है। इस मौके पर आरएसएस के सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल, भाजपा के संगठन महामंत्री रामलाल, सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य, प्रदेश के महामंत्री संगठन सुनील बंसल, प्रभारी ओम माथुर समेत ब्रज क्षेत्र के सभी बड़े पदाधिकारी उपस्थित थे।