समाचार

2 साल पूरे हुए सर्जिकल स्ट्राइक के, पीएम मोदी ने जोधपुर में शहीदों को दी श्रद्धांजलि

आज से दो साल पहले का वो दिन ना ही भारत भूल सकता है और ना ही पाकिस्तान, जब 28-29 सितम्बर की रात को भारतीय सेना के जवानों के पाकिस्तानी सरज़मीं पर क़हर बरपाया था। भारतीय सैनिकों ने पाकिस्तानी ज़मीन में घुसकर आतंकवादियों को मौत के घाट उतार दिया था। भारत के इस कारनामे को देखने के बाद पूरी दुनिया का मुँह हैरानी से खुला रह गया था। किसी को ऐसी उम्मीद नहीं थी कि भारत भी ऐसा कुछ करने में सक्षम है। भारत ने अपने देश के सैनिकों के पराक्रम पर गर्व भी किया, आज उस घटना को पूरे दो साल हो गए हैं।

आसानी से देखा जा सकता है प्रदर्शनी:

इस मौक़े पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जोधपुर पहुँचे हुए हैं। यहाँ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। बता दें पीएम मोदी जोधपुर में ही प्रदर्शनी का उद्घाटन भी करेंगे इस दौरान तीनों सेनाओं के प्रमुख कमांडो भी मौजूद होंगे। इस मौक़े पर भारत के रक्षा मंत्री और रक्षा राज्यमंत्री भी मौजूद होंगे। इस प्रदर्शनी को आम जनता के लिए 29 और 30 सितम्बर को खोल दिया जाएगा। इसके बाद वहाँ कोई भी जाकर प्रदर्शनी को आसानी से देख सकता है।

बता दें 2 साल पहले पाकिस्तानी आतंकियों ने भारतीय सीमा में घुसकर उरी में हमला किया था। इस हमले में कई भारतीय सैनिकों की जान चली गयी थी। आतंकियों की इस नापाक हरकत से पूरे देश ग़ुस्से में था। भारतीय सेना भी आतंकियों के हमले का बदला लेने के लिए अंदर ही अंदर तड़प रही थी। जैसे ही केंद्र सरकार का इशारा मिला, सैनिकों ने योजना बनाई और पाकिस्तान के अंदर घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम दे दिया। सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान और पाकिस्तानी आतंकी दोनों सहम गए थे।

मौजूद रहेंगे तीनों सेनाओं के प्रमुख:

सर्जिकल स्ट्राइक के दौरान भारतीय सेना ने पाकिस्तानी आतंकियों के कई ठिकानों को नष्ट कर दिया और 30 से ज़्यादा आतंकियों को मार गिराया था। सर्जिकल स्ट्राइक के 2 साल बाद उसके उपलक्ष्य में कार्यक्रम मनाया जा रहा है। पीएम मोदी शुक्रवार को जोधपुर में तीनों सेनाओं के टॉप कमांडर्स को सम्बोधित करेंगे। इसके बाद जोधपुर एयरफ़ोर्स स्टेशन पर 28 सितम्बर को तीनों सेनाओं के प्रमुख सहित टॉप कमांडर्स की प्रेस कॉन्फ़्रेन्स भी होगी। इसके तहत देश में कई जगहों पर तीन दिनों तक सर्जिकल स्ट्राइक प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जा रहा है।

बता दें इस प्रदर्शनी में सेना के उन हथियारों और उपकरणों को रखा जाएगा, जिनका इस्तेमाल उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक में किया था। ज्ञात हो गुरुवार को ही रक्षा मंत्री ने सर्जिकल स्ट्राइक का नया वीडियो जारी किया था। इस वीडियो में भारतीय सेना के जवानों के गौरव को देखा जा सकता है। पाकिस्तान में घुसकर की गयी सर्जिकल स्ट्राइक को पाकिस्तान कभी नहीं भूल सकता है। हालाँकि जहाँ पर सर्जिकल स्ट्राइक हुई थी, वह जगह धीरे-धीरे फिर आतंकियों का गढ़ बन गयी है।

Back to top button