राजनीति

वसुंधरा राजे कहा इस बार बदलेगा इतिहास, टूटेगा राजस्थान में 5 साल में सरकार बदलने का नियम

नई दिल्ली: इस साल के अंत में पाँच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। जैसे-जैसे चुनाव नज़दीक आ रहे हैं, देशभर की सभी राजनीतिक पार्टियाँ अपने-अपने स्तर पर चुनाव अभियान तेज़ करती हुई दिखाई दे रही हैं। वैसे इस बार के चुनाव में भी मुख्य रूप से भाजपा और कांग्रेस के बीच लड़ाई है। हालाँकि किसी-किसी राज्य में कोई और पार्टी भी टक्कर में खड़ी है। भाजपा और कांग्रेस की बात करें तो दोनों युद्धस्तर पर चुनाव कार्यक्रम में लगे हुए हैं। दोनों एक दूसरे पर हमला करने का कोई मौक़ा नहीं छोड़ती हैं। कभी भाजपा इसमें बाज़ी मारती है तो कभी कांग्रेस।

दिसंबर में बदलेगा राजस्थान का ट्रैक रिकार्ड:

इस बार पाँच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव में राजस्थान भी है। राजस्थान के बारे में कहा जाता है कि यहाँ हर 5 साल में सत्ता परिवर्तन होता है। यानी इस बार भाजपा है तो अगली बार निश्चित तौर पर कांग्रेस आएगी। पिछले कई बार से तो ऐसा ही होता आया है। इसको लेकर वसुंधरा राजे ने कहा कि यह सब पुरानी बातें हैं। अब समय बदल गया है। इस बार राजस्थान के लोग फिर से उन्हें ही जिताएँगे। उन्होंने दावा किया कि दिसम्बर में जनता राजस्थान के इस ट्रैक रिकार्ड को बदल देगी।

कांग्रेस के 50 सालों के राज के दौरान क्यों नहीं हुआ परिवर्तन:

 

आपकी जानकारी के लिए बता दें जयपुर में बुधवार को इंडिया टुडे वुमन समिट एंड अवार्ड्स के दौरान इंडिया टुडे के राहुल कँवल ने जब वसुंधरा राजे से पूछा कि क्या इस राज्य के लोगों की फ़ितरत है कि वे नहीं चाहते कि कोई 5 साल से ज़्यादा इस कुर्सी पर बैठ जाए। क्या इस दिसम्बर में जनता का यह ट्रैक रिकार्ड बदलेगा। इस सवाल के जवाब में वसुंधरा राजे ने कहा कि 50 साल तक कांग्रेस ने राज किया। तब सत्ता परिवर्तन क्यों नहीं हुआ। इसलिए अब कोई रिवाल्विंग पॉलिसी लाने या उसके चक्कर में पड़ने की कोई ज़रूरत नहीं है।

गौरव यात्रा है सरकार के कामकाज का ऑडिट:

वसुंधरा राजे ने कहा कि 2003 में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनी थी। उन्होंने दावा किया कि दिसम्बर में फिर से ऐसा ही होगा। वो मुख्यमंत्री के रूप में एक बार फिर से लौटेंगी। वसुंधरा राजे ने अपनी सरकार के कामकाज की उपलब्धियाँ गिनाते हुए कहा कि 2003 तक राज्य बैंक अकाउंट खोलना आसान नहीं था। लेकिन मेरे कार्यकाल में 2007 में पंजाब नेशनल बैंक के साथ मिलकर काम किया गया और राज्य की महिलाओं तक बैंक को पहुँचाया गया। बता दें राज्य में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले राजस्थान गौरव यात्रा पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ये यात्रा उनकी सरकार के कामकाज का ऑडिट है।

वसुंधरा राजे ने आगे कहा कि उनके कार्यकाल पर उनका भरोसा है कि उन्होंने राज्य में कामकाज का ऑडिट कराने की हिम्मत की है। वहीं के कुछ लोगों की नाराज़गी की ख़बरों को नकारते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में जल्दी ही चुनाव होने जा रहे हैं और जनता उनके कामकाज को देखते हुए ऐसी नाराजगियों को ग़लत साबित कर देगी। ग़ौरतलब है कि 2013 चुनाव में हुए 200 सदस्यीय राजस्थान विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 163 सीटें जीती थी, जबकि कांग्रेस केवल 21 सीटों पर ही सिमट कर रह गयी थी। लेकिन इस बार कहा जा रहा है कि फ़ैसला कांग्रेस के पक्ष में जा सकता है।

Back to top button