राजनीति

केंद्रीय मंत्री का बयान ‘देश में आंतरिक कलह के लिए कांग्रेस जिम्मेदार’

अक्सर विवादित बयानों की वजह से सुर्खियों में रहने वाले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने एक बार फिर से विवादित बयान दिया है। गिरीराज को भड़काऊ बयानों की वजह से जाना जाता है, ऐसे में एक बार फिर से गिरिराज सिंह अपने बयानों की वजह से सुर्खियों में है। इस बार उन्होंने जिन्ना विवाद को लेकर बड़ा बयान दिया है। गिरीराज के इस बयान से  देश की राजनीति में भूचाल आ सकता है, ऐसे में देखने वाली बात यह होगी ये भूचाल किस स्तर पर जाकर खत्म होता है। चलिए जानते हैं कि हमारे इस रिपोर्ट में क्या खास है?

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मुसलमानों को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। गिरिराज सिंह ने कहा कि मुसलमान बाबर की औलाद नहीं, बल्कि राम भगवान की औलाद है, ऐसे में घरों में नमाज पढ़े न कि सड़को पर। बता दें कि हरियाणा सरकार ने गुरूग्राम में सड़को पर नमाज पढ़ने से रोक लगा दी है, जिसके बाद गिरिराज का यह बयान सियासी गलियारों में हलचलें तेज कर सकता है। गिरिराज ने इस बयान में कांग्रेस और विपक्ष को भी जमकर घेरा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वोट के समय लोगों को न जाने क्या क्या याद आता है।

गिरिराज सिंह ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी  और अन्य विपक्षी पार्टियों को इलेक्शन के समय ही जिन्ना के जिन्न की याद आती है। कांग्रेस पर देश बांटने का आरोप लगाते हुए गिरिराज ने कहा कि पार्टी अगर देश को तोड़ेगी तो उसे इसका अंजाम भी भुगतना पड़ेगा। इस दौरान गिरिराज सिंह ने आगे कहा कि जब से मोदी पीएम बने है, तब से देश विकास के रास्ते पर है, लेकिन विपक्ष के पास कोई रास्ता नहीं बचा है, इसलिए वो जिन्ना के जिन्न को याद कर रहे हैं। याद दिला दें कि अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में इन दिनों जिन्ना की तस्वीर को लेकर विवाद जारी है।

बताते चलें कि राम मंदिर पर भी बयान देते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि राम मंदिर अयोध्या में ही बनेगा, क्योंकि मुस्लिम लोगों के लिए मक्का मदीना है, लेकिन हमारे लिए तो अयोध्या ही है, ऐसे में हर हाल में मंदिर अयोध्या में ही बनेगा। इस दौरान कांग्रेस पार्टी पर देश में आंतरिक कलह मचाने का भी आरोप लगाया है, जिसकी वजह से एक बार फिर गिरिराज को लेकर सियासत चमक सकती है। गिरिराज की लालू परिवार से भी नहीं बनती है, यही वजह है कि पिछले दिनों राबड़ी देबी ने कहा था कि बिहार में भड़काऊ केंद्रीय मंत्रियों की एंट्री पर बैन लगा देना चाहिए, जिसमें पहला नाम गिरिराज सिंह का था।

Back to top button