
विदेशी लड़कियां-महंगे होटल, अचानक दिहाड़ी मजदूर जीने लगा लग्जरी लाइफ, फिर सामने आई ये हकीकत
महंगे होटलों में रुकना, खाना पीना तो सभी का सपना होता है लेकिन गरीब परिवार के लोगों के लिए ये हकीकत नहीं बन पाता है। सिर्फ अमीर लोगों ही ऐसी लाइफ का सपना देखते और इनको पूरा करते हैं। अगर हम आपसे कहें कि एक मजदूर अचानक वैसी ही जिन्दगी जीने लगा जैसी अमीर लोग जीते हैं तो आपको यकीन नहीं होगा।

राजस्थान का एक मजदूर जो कारपेंटर का काम करता था। कुछ समय पहले अमीरों की तरह लाइफ गुजारने लगा। महंगे होटलों में रातें बिताने से लेकर विदेशी लड़कियों के साथ मौज मस्ती करना उसका रोज का काम हो गया था। हालांकि जब हकीकत सामने आई तो पुलिस के भी होश उड़ गए। आइए जानें पूरा मामला क्या है।
जयपुर की है खबर
ये चौंकाने वाला मामला राजस्थान के जयपुर से सामने आया है। यहां एक मजदूर जिसका नाम दुर्गेश है, वो दिहाड़ी पर फर्नीचर बनाने का काम करता था। दुर्गेश अचानक से ऐसी लग्जरी वाली लाइफ जीने लगा जो उसके जी का जंजाल बन गई। दुर्गेश महंगे होटलों में आने जाने लगा। वहां रुकना और खाना खाना आम बात हो गई। इतना ही नहीं वो शराब में डूबा रहता और विदेशी लड़कियों को होटलों में बुलाकर उनके साथ मौज करता था।

अचानक बनवाने लगा मकान
दिहाड़ी के चंद सौ रुपये कमाने वाले मजदूर ने अचानक अपने गांव में बड़ा मकान भी बनवाना शुरू कर दिया। दो मंजिला मकान में उसने जमकर पैसा खर्च करना शुरू कर दिया। इसके साथ ही वो महंगी शॉपिंग से लेकर हर वो काम करने लग गया जो अमीर करते हैं। इस वजह से उसके चर्चे गांव में भी होने लगे। हालांकि जब हकीकत सामने आई तो लोग हैरान हो गए।

दो किलो सोना किया था चोरी
दुर्गेश की जिन्दगी में ये बदलाव ऐसे ही नहीं आया था। असल में वो केश विहार कॉलोनी में रहने वाले एक ज्वैलर राजेश सोनी के यहां कई दिनों से काम कर रहा था। वो उनके घर में फर्नीचर बना रहा था। इसी दौरान उसने राजेश के घर से 2 किलो सोना चोरी कर लिया था। जिस कमरे में वो काम करता था, वहां पर ज्वैलर ने 2 किलो सोने के बिस्कुट रखे थे। इन बिस्कुटों को दुर्गेश ने चुरा लिया था और इसकी भनक तक राजेश को नहीं लग सकी थी।

ऐसे खुला चोरी का राज
दो किलो सोने के बिस्कुट चोरी होने की खबर पहले तो राजेश को नहीं हुई। बाद में जब सोने के दाम बढ़े तो उन्होंने इसे बेचने के लिए सोचा और अलमारी देखी तो वो गायब मिले। फिर राजेश ने पुलिस को सूचना दी और दुर्गेश पर शक जाहिर किया। पुलिस ने उनके शक के आधार पर दुर्गेश समेत 3 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर सभी आरोपी टूट गए और पूरी कहानी पुलिस के सामने बता दी।
सोने को गलाकर बेच दिया था
दुर्गेश जब सोना चुराकर लाया तो इसकी भनक उसके साथी मुकेश और चाचा बाबूलाल को हो गई थी। दोनों का मुंह बंद करने के लिए उसने दोनों को हिस्सेदार बना लिया। तीनों ने मिलकर सोना गलाया और उसको बाजार में बेचकर मोटी रकम कमाई। इससे पैसे मिले तो तीनों ने रकम उड़ानी शुरू कर दी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।