राजनीति

रायबरेली की हॉट सीट पर अदिति सिंह को BJP ने उतारा: कभी राहुल गांंधी की करीबी रही है ये लीडर

भारतीय जनता पार्टी ने रायबरेली सदर सीट से अदिति सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है। रायबरेली सदर सीट पर 2017 में हुए चुनाव में वो कांग्रेस की उम्मीदवार थीं और भारी मतों से जीतकर विधायक बनीं थीं।

एक समय था जब अदिति सिंह को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का काफी करीब माना जाता था लेकिन देखते ही देखते नजदीकियां दूरियों में तब्दील हो गईं।

साल 2019 में जब उनके पिता अखिलेश सिंह का निधन हो गया तो पिता के निधन पर शोक जताने के लिए मुख्यमंत्री आदित्यनाथ भी रायबरेली स्थित उनके आवास पर गए थे। माना जाता है कि तभी से अदिति का झुकाव भाजपा की और बढ़ने लगा और वे बीजेपी में अपना भविष्य देखने लगीं।

अदिति सिंह का जन्म 15 नवंबर 1987 को हुआ था। उनकी गिनती कम उम्र में विधायक बनने वाली नेताओं में की जाती है।अदिति सिंह की शादी साल 2017 में पंजाब के विधायक अंगद सिंह सैनी के साथ हुई थी।

अदिति सिंह के पिता अखिलेश कुमार सिंह अलग अलग राजनीतिक पार्टियों से पांच बार रायबरेली सदर का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

अदिति सिंह ने अपनी पढ़ाई दिल्ली और मैसूर से की है। इसके अलावा उन्होंने यूएस के ड्यूक विश्वविद्यालय से मैनेजमेंट की पढ़ाई की है। राजनीति में आने से पहले अदिति सिंह सामाजिक संस्थानों के साथ जुड़ी हुई थीं।

साल 2017 के विधानसभा चुनाव में अदिति सिंह ने कांग्रेस पार्टी के टिकट पर रायबरेली से 90 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से विधानसभा चुनाव जीता था।

बीजेपी के साथ संबंध रखने के कारण अदिति सिंह को कांग्रेस पार्टी ने निष्काषित कर दिया था जिसके बाद वो 24 नवंबर 2021 को आधिकारिक रूप से बीजेपी में शामिल हो गईं।

Back to top button