बॉलीवुड

पिता के निधन के बाद छोड़ दी पढ़ाई, करने लगे हीरोइन की साड़ी प्रेस, फिर ऐसे बने बड़े फिल्म डायरेक्टर

फिल्म डायरेक्टर-प्रोड्यूसर रोहित शेट्टी (rohit shetty) बॉलीवुड में एक बड़ा नाम है। 14 मार्च को अपने 48वें जन्मदिन पर उन्होंने अपनी आगामी फिल्म सूर्यवंशी की रिलीज डेट का ऐलान किया। उन्होंने अपने फैंस को बताया कि अक्षय कुमार स्टारर सूर्यवंशी 30 अप्रैल 2021 को रिलीज होगी।

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि रोहित शेट्टी की 8 फिल्में अभी तक 100 करोड़ की कमाई का आकड़ा पार कर चुकी हैं। इसमें चेन्नई एक्सप्रेस, गोलमाल 3 और सिंबा जैसी फिल्में भी शामिल हैं। आज रोहित की गिनती बॉलीवुड के बड़े डायरेक्टर्स में होती है। लेकिन इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्होंने बहुत मेहनत भी की है। आज हम उनके फिल्मी सफर के संघर्ष की कहानी बताने जा रहे हैं।

रोहित बीते जमाने के विलेन एमबी शेट्टी (mb shetty) के बेटे हैं। पिता के देहांत के बाद से रोहित को अपनी लाइफ में बहुत संघर्ष करना पड़ा। अपने परिवार को आर्थिक रूप से सपोर्ट करने के लिए उन्होंने अपनी कॉलेज की पढ़ाई छोड़ दी और सीधा काम करने लगे। रियलिटी शो इंडियाज नेक्स्ट सुपरस्टार में रोहित ने बताया था कि वे 1995 में आई ‘हकीकत’ फिल्म में तब्बू की साड़ियां प्रेस किया करते थे।

इतना ही नहीं वे कई फिल्मों में काजोल के मेकअप को टचअप करने और स्पॉटबॉय का काम करते थे। उन्होंने अजय देवगन की फूल और कांटे, सुहाग, प्यार तो होना ही था और राजू चाचा इत्यादि में बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर भी काम किया है। रोहित की पहली कमाई महज 35 रुपए थी। वे घर चलाने के लिए पैसे कमाना चाहते थे इसलिए कम उम्र में ही काम करने लगे। उन्होंने कॉलेज इसलिए छोड़ दिया क्योंकि वे जानते थे कि किताबों और कपड़ों के लिए पैसों की जुगाड़ नहीं कर पाएंगे।

रोहित का परिवार भी काफी बड़ा है। उनके दो भाई उदय शेट्टी और ह्रदय शेट्टी हैं। वहीं चार बहनें महक, छाया, चंदा और किरण शेट्टी हैं। रोहित की मां मधु शेट्टी फिल्मों में बतौर जूनियर आर्टिस्ट काम किया करती थी। रोहित जब 14 साल के थे तभी उन्होंने ठान लिया था कि वे बड़े होकर फिल्म डायरेक्टर बनेंगे।

उनकी पहली फिल्म अजय देवगन की फूल और कांटे थी। इसमें वे डायरेक्टर कुकु कोहली को असिस्ट कर रहे थे। तब उनकी उम्र महज 17 साल थी। इसके बाद उन्होंने करीब 13 साल तक बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर काम किया। इसके बाद उन्होंने अपनी पहली फिल्म बतौर डायरेक्टर ‘जमीन’ बनाई। अजय देवगन स्टारर यह फिल्म बुरी तरह फ्लॉप रही। इसका असर ये हुआ कि लोगों ने रोहित के फोन तक उठाना बंद कर दिए।

रोहित को बॉलीवुड में असली पहचान 2006 में आई फिल्म ‘गोलमाल’ से मिली। यह फिल्म सुपरहिट साबित हुई। रोहित ने इसके फिर कई और पार्ट्स भी बनाए। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।

Back to top button