विशेष

दर्द से तड़प रही थी प्रेग्नेंट गाय, पेट चीरा तो अंदर निकला 71KG प्लास्टिक का कचरा

भारत में गाय को माता का दर्जा दिया जाता है। बहुत से लोग उसकी पूजा पाठ भी करते हैं। गौसेवा को सबसे बड़ा पुण्य भी माना जाता है। लेकिन इसके बावजूद हम अपने गाय माता के लिए सड़क पर इतना कूड़ा करकट छोड़ देते हैं जो उसकी जान का दुश्मन बन जाता है। खासकर हमारे द्वारा सड़क पर फेंका जाने वाला प्लास्टिक कूड़ा जाने अनजाने में गाय के पेट में चला जाता है।

अब हरियाणा के फरीदाबाद का यह दिल तोड़ देने वाला मामला ही ले लीजिए। यहां एक गर्भवती गाय के पेट से 71 किलो कचरा निकला। ये कचरा अधिकतर प्लास्टिक वेस्ट था। उसके पेट में इतना अधिक कचरा होने के चलते गर्भ में पल रहे बछड़े की मौत हो गई। इसके तीन दिन बाद गाय का भी निधन हो गया।

गाय की दिल तोड़ देने वाली यह तस्वीर आईएफएस ऑफिसर Praveen Angusamy ने शेयर की है। इस तस्वीर को पोस्ट करते हुए उन्होंने जानकारी दी की फरीदाबाद की रहने वाली इस प्रेग्नेंट गाय के पेट से 71 किलो प्लास्टिक, नाखून और कचरा मिला है। गाय के साथ उसके गर्भ में पल रहा बछड़ा भी मर गया क्योंकि कचरे की वजह से उसे बड़े होने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल रही थी।


Praveen Angusamy ने ये भी बताया कि ये बड़ी ही दुखद बात है कि देश में एक तरफ तो गाय को पूजा जाता है और दूसरी तरफ उसे ऐसी मौत भी मिलती है। उधर सोशल मीडिया पर लोगों ने भी इस घटना के प्रति गहरा दुख जाहीर किया है। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक यूज हम करें और मारे गाय ये कैसा इंसाफ है।

पीपुल फॉर एनिमल्स ट्रस्ट फरीदाबाद द्वारा इस गाय को बचाने का पूर्ण प्रयास किया गया था। यह गाय के सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई थी। डॉक्टरों ने इलाज के दौरान पाया कि गाय के पेट में कुछ समस्या है। फिर उसका चार घंटे ऑपरेशन चला। पेट से नाखून, प्लास्टिक, मार्बल सहित बहुत सा कचरा निकला। ट्रस्ट के प्रेसिडेंट रवि दुबे बताते हैं कि मैंने 13 सालों के अनुभव में आजतक किसी गाय के पेट से इतना सारा कचरा निकला हुआ नहीं देखा।

उम्मीद है कि आप भी अगली बार प्लास्टिक वेस्ट सड़क पर फेंकने के पहले दस बार सोचेंगे।

Back to top button