विशेष

हर दिन के हिसाब से अलग-अलग रंग के कपड़े पहनेंगे, तो दूर हो जाएंगे सारे कष्ट!

ज्योतिषशास्त्र और वास्तुशास्त्र में इस बात का स्पष्ट उल्लेख है कि रंगों का हमारे जीवन में काफी बड़ा महत्व है। रंग हमारी मनःस्थिति और भावनाओं को प्रदर्शित करते हैं, लिहाजा हर रंग का हमारे मन और शरीर पर अलग अलग प्रभाव पड़ता है। मसलन, कुछ रंग हमारे मन को अच्छे नहीं लगते हैं और हम विचलित हो जाते हैं तो वहीं कुछ रंग हमें खुशी और शांति देते हैं। इसी वजह से कहा जाता है कि जीवन में रंगों का संतुलन बहुत अच्छे से करना चाहिए। बहरहाल आज हम इस आर्टिकल में ग्रहों और उनके रंगों की बात करेंगे, जो हमारे जीवन में प्रभाव डालते हैं।

गौरतलब हो कि हर ग्रह का अपना एक रंग होता है। ज्योतिषशास्त्र के अनुसार इन ग्रहों के रंगों का असर हमारी जिंदगी में भी पड़ता है। कई बार ग्रह हमारे जीवन पर बुरा प्रभाव डालते हैं, जिसे रंगों के सही प्रयोग से ठीक किया जा सकता है। आप शायद ही जानते होंगे कि सप्ताह का हर दिन किसी न किसी रंग से जुड़ा होता है, लिहाजा अगर आप उस दिन के रंग के हिसाब से कपड़े पहनेंगे, तो ये काफी फायदेमंद होगा। आइये जानते हैं, आखिर किस दिन कौन सा रंग पहनना चाहिए…

सोमवार

सोमवार का दिन भगवान शिव को समर्पित होता है, यही नहीं ये दिन चंद्र ग्रह से भी संबंधित है। लिहाजा इस दिन हल्के रंग के कपड़े या सफेद कपड़े पहनना काफी शुभ माना जाता है। सफेद रंग शांति और सादगी का प्रतीक होता है, ऐसे में अगर आप सफेद रंग के कपड़े पहनेंगे तो चंद्रमा की कृपा बरसेगी और चंद्र से जुड़ी सभी बाधाओं से भी मुक्ति मिलेगी। कहा जाता है कि सफेद रंग के कपड़े एकाग्रता बढ़ाते हैं।

मंगलवार

मंगलवार भगवान श्रीराम के परम भक्त हनुमानजी का दिन होता है। और इस इस दिन का स्वामी ग्रह मंगल है। मंगल लाल, केसरिया, सिंदूरी इन तीनों रंगों का प्रतिनिधित्व करता है। ऐसे में मंगलवार को इन तीनों रंग के कपड़े पहनने चाहिए। इससे आपके मन में उत्साह का संचार होगा और कार्य क्षमता में भी वृद्धि होगी। भले ही लाल रंग को खतरे का निशान माना जाता है, लेकिन लाल सौभाग्य की भी निशानी होती है। ऐसे में मंगलवार को सुहागन स्त्रियों को लाल वस्त्र पहनने चाहिए।

बुधवार

बुधवार का दिन प्रथम पूज्य भगवान गणेश को समर्पित होता है। इस दिन का स्वामी ग्रह बुध है। माना जाता है कि बुधवार को हरे रंग के वस्त्र धारण करने चाहिए, इससे बुध की कृपा बनी रहती है। बता दें कि हरा रंग खुशहाली, समृद्धि, उत्कर्ष, प्रेम, दया और पावनता का  है। ऐसे में अगर आप बुधवार को हरे रंग के कपड़े पहनेंगे, तो आपके बौद्धिक क्षमता में काफी तेजी आएगी।

गुरूवार

गुरूवार धन की देवी मां लक्ष्मी के साथ साथ भगवान विष्णु का भी दिन होता है। इस दिन के स्वामी ग्रह गुरू हैं, जो धन, ऐश्वर्य और संपन्नता के प्रतीक हैं। माना जाता है कि गुरू ग्रह को पीला और सफेद रंग सबसे अधिक प्रिय है। यही कारण है कि भगवान विष्णु और उनके अवातर पीताम्बर धारण करते हैं। बता दें कि पीला रंग, सौंदर्य, प्रेम, आनंद और आध्यात्मिक तेज को निखारता है। लिहाजा पीला वस्त्र धारण करने से भगवान विष्णु काफी प्रसन्न होते हैं और अपनी कृपा बरसाते हैं।

शुक्रवार

शुक्रवार को देवियों का दिन होता है, खासकर जगत जननी मां दुर्गा का दिन। इस दिन का स्वामी ग्रह शुक्र है। इस दिन लाल रंग के वस्त्र आदि धारण करने चाहिए, चूंकि ये देवियों का दिन होता है इसलिए लाल रंग का इस दिन काफी महत्व है। यही वजह है कि शक्ति पूजा में अनार, गुड़हल के पुष्प, लाल वस्त्र आदि का उपयोग किया जाता  है।

शनिवार

न्याय के देवता कहे जाने वाले शनि का दिन होता है, शनिवार। इस दिन काले, नीले और गहरे भूरे रंग के कपड़े पहनने से शनिदेव की कृपा बनी रहती है। इतना ही नहीं इस रंग के कपड़े पहनने से आत्मविश्वास में भी वृद्धि होती है।

रविवार

रविवार भगवान सूर्य का दिन होता है। इस दिन गुलाबी, सुनहरा, नारंगी, लाल रंग के वस्त्र धारण करने चाहिए। इससे चेहरे पर तेज और जीवन में मान-सम्मान में वृद्धि होती है। इसके अलावा भगवान सूर्य की भी असीम कृपा बरसती है। बता दें कि लाल रंग ज्ञान, उर्जा, शक्ति, प्रेम और आनंद का प्रतीक होता है।

Back to top button