विशेष

मैदान में खो बैठे कैप्टन कूल अपना आपा, लाइव मैच में अंपायर से भिड़े थे धोनी

टीम इंडिया के करिश्माई कप्तान के नाम से मशहूर महेंद्र सिंह धोनी आज अपना 39वां बर्थडे सेलिब्रेट कर रहे हैं। वह कभी मुश्किल समय में अपना आपा नहीं खोते और हमेशा धैर्य के साथ निर्णय लेने के लिए जाने जाते हैं। साल 2004 में इंटरनेशनल किक्रेट में डेब्यू करने वाले धोनी को मैदान पर गुस्सा होते बहुत कम देखा गया है। मगर वे जितनी बार भी गुस्से में दिखे हमेशा उनका रौद्र रूप ही देखने को मिला। आइये जानते हैं, उन मौकों के बारे में जब महेंद्र सिंह धोनी बीच मैदान पर गुस्सा हुए थे….

मनीष पांडे को पड़ी थी गाली

धोनी और मनीष पांडे

साल 2018 में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच चल रहे टी-20 मैच में भारतीय पारी के दौरान धोनी और मनीष पांडे क्रीज पर मौजूद थे। तब मनीष नॉन स्ट्राइक पर थे और उनका ध्यान पिच पर नहीं था, यह देखकर धोनी को गुस्सा आया और उन्होंने मनीष पांडे को गाली दे दी, यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था।

पानी लेकर आए खलील अहमद को पड़ी थी डांट

धोनी और खलील अहमद

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2019 में एडिलेड में मैच चल रहा था, तभी भारतीय पारी के 44वें ओवर के बाद मैदान पर ड्रिंक्स का समय हुआ, तो खलील अहमद और युजवेंद्र चहल मैदान पर ड्रिंक्स लेकर आए थे। ड्रिंक्स के दौरान खलील गलती से पिच के बीच दौड़ गए, ये देखकर धोनी ने अपना आपा खो दिया और धोनी ने खलील को पिच पर ही गाली दे दी।

बीच मैदान में दीपक चाहर को गुस्से में  लगाई थी डांट

धोनी और दीपक चाहर

आईपीएल 2019 में चेन्नई सुपर किंग्स और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच मैच चल रहा था, पंजाब की पारी का 19वां था और पंजाब को जीत के लिए 2 ओवर में 39 रन की जरूरत थी। दीपक चाहर के हाथों में गेंद थी और उन्होंने यॉर्कर डालने का प्रयास किया, इस प्रयास में वे सफल नहीं हुए और गेंद हाई फुलटॉस पड़ गई। इस गेंद पर सरफराज खान ने थर्ड मैन पर चौका लगा दिया, न सिर्फ चौका लगाया बल्कि गेंद कमर के ऊपर होने के कारण अंपायर ने नो बॉल दे दी। दीपक के इस गलती से धोनी खफा हो गए और विकेट के पीछे से सीधे दीपके के पास पहुंचे और उन्हें डांट लगाई।

धोनी ने मुस्ताफिजुर को मारी थी कोहनी

धोनी-मुस्ताफिजुर

भारत और बांग्लादेश के खिलाफ 2015 में एक वनडे मैच के दौरान धोनी को बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर पर गुस्सा आया था। दरअसल मैच के दौरान धोनी जब रन लेने के लिए दौड़ते थे, तो मुस्ताफिजुर उन्हें रोकने के लिए बार बार धोनी के रास्ते में आ जाते थे। धोनी इससे परेशान हो गए और धोनी ने रन लेते हुए मुस्ताफिजुर को गुस्से में कोहनी मार दी।

मैदान में घुसकर अंपायर से की थी बहस

धोनी-अंपायर

साल 2019 के आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच एक मैच चल रहा था, मैच काफी रोमांचक था और तभी धोनी आउट हो गए। आउट होने के बाद चेन्नई को 3 गेंदों में 8 रनों की जरूरत थी। पिच पर बल्लेबाजी के लिए ऑलराउंडर मिचेल सेंटनर मौजूद थे, दूसरी तरफ बेन स्टोक्स के हाथों में गेंद थी। ओवर की चौथी गेंद पर सेंटनर ने 2 रन दौड़ कर पूरे किए। स्टोक्स की इस गेंद को अंपायर ने पहले नो बॉल दिया और फिर तुरंत ही अपने फैसले को पलट दिया। मैदानी अंपायर के इस फैसले से धोनी बहुत गुस्से में आ गए और वो सीधे मैदान में घुस गए। इसके बाद बीच मैदान पर धोनी की अंपायरों के साथ कहासुनी हो गई।

Back to top button