राजनीति

दहेज़ लेने वालों के मुँह पर तमाचा, दुल्हे ने माँगा सोने का सेट तो दुल्हन ने ऐसे दिया जवाब

लुधियाना: आज भारतीय समाज में कई तरह की बुराइयाँ फैलती जा रही हैं। उनमें से सबसे बड़ी सामाजिक बुराई बढ़ती हुई दहेज़ की माँग है। दहेज़ की वजह से ही कई महिलाओं का जीवन नर्क बन गया और कईयों ने अपनी जीवन लीला ही समाप्त कर ली। हालांकि हर लड़की ऐसा नहीं करती है। कुछ लडकियाँ दहेज़ लेने वालों को मुंहतोड़ जवाब भी देती हैं। हाल ही में एक ऐसा ही मामला सामने आया है।

लुधियाना की एक लड़की ने दहेज़ के लालचियों को जमकर सबक सिखाया है। जालंधर बाईपास के नजदीक मल्होत्रा रिसॉर्ट में शादी के बाद रविवार को विदाई के समय दूल्हा-दुल्हन के परिवार में सोने के सेट को लेकर अचानक बड़ा विवाद मच गया। विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि लड़की ने शादी करने से इनकार कर दिया और बारात को वापस लौटा दिया। जैसे ही इस मामले की सूचना पुलिस को हुई, पुलिस मौके पर तुरंत पहुँच गयी।

दोनों पक्षों ने शादी के खर्च को बराबर-बराबर बांटकर समझौता कर लिया। इसके बाद दोनों पक्षों में से किसी ने इसकी शिकायत पुलिस में नहीं की। जानकारी के अनुसार होशियारपुर के रहने वाले एक युवक का विवाह लुधियाना की एक लड़की से 2 दिसंबर को होना तय हुआ था। शादी का सारा कार्यक्रम मल्होत्रा रिसॉर्ट में हो रहा था। शादी के बाद जब सुबह विदाई होने लगी तो लड़की को पहनाये गए सोने के सेट को लेकर दुल्हे के परिवार वालों ने आपत्ति जताई।

उनका आरोप था कि शादी तय होते समय लड़की के परिवार वालों ने लड़की को भारी सोने का सेट देने की बात कही थी, लेकिन अब हल्का सेट पहना दिया है। इसी बात को लेकर दोनों परिवार वाले लड़ पड़े। विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि लड़की ने ससुराल जाने से इनकार कर दिया और शादी को तोड़ लिया। बारात वापस लौट गयी। लेकिन किसी ने इसकी सूचना पुलिस में दे दी तो मौके पर पुलिस भी पहुँच गयी। शादी का खर्च आपस में बराबर-बराबर बाँटने को लेकर दोनों पक्षों में समझौता हो गया।

Back to top button