बॉलीवुड

गौतम गंभीर की दरियादिली… बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए भाजपा सांसद, किया ये बड़ा ऐलान

गौतम गंभीर भारतीय क्रिकेट टीम के बेहद जाने-माने पूर्व खिलाड़ी हैं। भले ही गौतम गंभीर क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं लेकिन इसके बावजूद भी वह काफी बिजी रहते हैं। गौतम गंभीर बतौर क्रिकेटर संन्यास लेने के बाद कोचिंग और कमेंट्री के साथ-साथ समाज सेवा में भी अपना ज्यादातर समय व्यतीत कर रहे हैं। ईस्ट दिल्ली से भारतीय जनता पार्टी के सांसद गौतम गंभीर अपने सामाजिक कार्यों की वजह से काफी चर्चा का विषय बने रहते हैं।

गौतम गंभीर अपने क्षेत्र की जनता के साथ-साथ दिल्ली की जनता की सेवा में भी अपना पूरा पूरा समय देते हुए नजर आते हैं। जैसा कि हम सभी लोग जानते हैं देश की राजधानी दिल्ली में पिछले तीन-चार दिनों के दौरान भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। दिल्ली में यमुना नदी के जलस्तर ने कई सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। यमुना में जल खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। इसी बीच हाल ही में गौतम गंभीर ने अपने ट्विटर हैंडल पर कुछ तस्वीरों को साझा किया है, जिससे उनके सामाजिक सरोकार का पता चलता है।

बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे गौतम गंभीर

आपको बता दें कि सोमवार से ही यमुना में जल खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी है कि दिल्ली में इतनी बारिश कई सालों बाद हुई है। पिछले तीन-चार दिनों के दौरान दिल्ली में भारी बारिश हो रही है, जिसकी वजह से दिल्ली में बाढ़ जैसे हालात हो चुके हैं। वहीं यमुना के आसपास रहने वाले लोग बेघर हो गए।

ऐसी स्थिति में वहां रहने वाले लोग अपनी जान बचाने के लिए दूसरे इलाकों में शिफ्ट हो रहे हैं। इसी बीच भाजपा सांसद गौतम गंभीर बाढ़ पीड़ित लोगों की मदद के लिए सामने आए हैं। गौतम गंभीर ने बाढ़ ग्रस्त इलाकों का दौरा किया और लोगों से मुलाकात करने के बाद उन्होंने एक बहुत अहम ऐलान किया है।

गौतम गंभीर ने किया ये बड़ा ऐलान

गौतम गंभीर ने बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात करने के बाद एक बड़ी और महत्वपूर्ण घोषणा की है। दरअसल, बाढ़ से प्रभावित लोगों के पास रहने और खाने का कोई भी इंतजाम नहीं है। इसी वजह से गौतम गंभीर के द्वारा शुरू किए गए जन रसोई से प्रतिदिन खाना पहुंचाने की घोषणा उन्होंने की है।

गौतम गंभीर ने ट्विटर हैंडल पर ट्ववीट में यह लिखा है कि “बाढ़ में दिल्ली इसी लिए बह गई क्योंकि विकास कार्यों का पैसा प्रचार में बहाया गया! मैं लगातार राहत कार्यों का जायजा ले रहा हूं और सभी पीड़ितों को हमारी जन रसोई से रोजाना खाना पहुंचाया जाएगा।”

गौतम गंभीर चलाते हैं जन रसोई

गौतम गंभीर के द्वारा शुरू की गई जन रसोई की चर्चा अक्सर दिल्ली में होती रहती है। दिल्ली के कई स्थानों पर गौतम गंभीर जन रसोई चलाते हैं। गौतम गंभीर जन रसोई के सभी सेंटर का खर्चा खुद ही उठाते हैं। गौतम गंभीर ने एक इंटरव्यू के दौरान यह कहा था कि वह संन्यास के बाद कमेंट्री या आईपीएल में कोचिंग इसलिए करते हैं ताकि दिल्ली में उनके द्वारा चलाए जा रहे जन रसोई तथा अन्य सामाजिक कार्यों पर किसी भी तरह का आर्थिक संकट ना आए। बता दें जन रसोई में गरीबों और जरूरतमंदों को केवल ₹1 में भरपेट खाना खाने को मिलता है।

Back to top button