समाचार

जाने-माने पत्रकार वेद प्रताप वैदिक का 78 साल की उम्र में निधन, बाथरूम में गिरने से गई जान

देश के वरिष्ठ पत्रकार और अंतरराष्ट्रीय मामलों के जाने-माने विशेषज्ञ वेद प्रताप वैदिक का आज यानी 14 मार्च 2023 की सुबह निधन हो गया। वेद प्रताप वैदिक ने 78 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। वेद प्रताप वैदिक देश के बड़े पत्रकार और जाने-माने चेहरे थे। वेद प्रताप वैदिक प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (पीटीआई) की हिंदी समाचार एजेंसी “भाषा” के संस्थापक-संपादक के रूप में जुड़े हुए थे। वह पहले टाइम्स समूह के नवभारत टाइम्स में संपादक (विचार) थे। वेदिक भारतीय भाषा सम्मेलन के अंतिम अध्यक्ष थे।

उनके निजी सहायक मोहन ने यह बताया कि वेद प्रताप वैदिक आज सुबह गुड़गांव स्थित अपने घर में करीब 9:30 बजे के आसपास शौचालय गए हुए थे और वह फिसल गए थे, वह वहीं पर बेहोश हो गए थे। शौचालय का दरवाजा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला गया। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने बताया कि इससे पहले वैदिक पूरी तरह से स्वस्थ थे और कल भी वह दिल्ली गए हुए थे। डॉक्टरों ने दिल का दौरा पड़ने को मृत्यु की संभावित वजह बताई है। वेद प्रताप वैदिक के परिवार में एक बेटा और एक बेटी है। उनकी पत्नी का पहले ही देहांत हो चुका है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जताया शोक

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वेद प्रताप वैदिक के निधन पर शोक जताते हुए ट्वीट किया है। उन्होंने यह लिखा है कि “वेदप्रताप वैदिक एक प्रखर पत्रकार एवं स्तंभकार थे जो अपनी लेखनी से समसामयिक विषयों पर अपनी बेबाक़ राय रखते थे। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विषयों पर भी उनकी गहरी पकड़ थी। उनके निधन से हिन्दी पत्रकारिता में एक रिक्तता आयी है। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएँ। ॐ शांति।”

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वैदिक के निधन का शोक जताते हुए किया ट्वीट

वहीं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी वेद प्रताप वैदिक के निधन पर शोक जताते हुए ट्वीट किया है। उन्होंने अपने ट्वीट में यह लिखा है कि “वरिष्ठ पत्रकार डॉ. वेद प्रताप वैदिक जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।”

सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने जताया शोक

सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने वेद प्रताप वैदिक के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने इसे भारतीय पत्रकारिता के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा है “वरिष्ठ पत्रकार,राजनीतिक विश्लेषक, साहित्यकार व पीटीआई‘भाषा’के संस्थापक-संपादक डॉ.वेद प्रताप वैदिक जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। उनका निधन भारतीय पत्रकारिता के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर शोकाकुल परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। भावपूर्ण श्रद्धांजलि। ॐ शांति।”

कहां हुआ था जन्म

आपको बता दें कि वरिष्ठ पत्रकार वेद प्रताप वैदिक का जन्म 30 दिसंबर 1944 को मध्यप्रदेश के इंदौर में हुआ था। उन्होंने 1958 से ही पत्रकारिता शुरू कर दी थी। वह देश के बड़े पत्रकार और राजनीति विश्लेषक थे। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय राजनीति में जेएनयू से पीएचडी की थी। वह चार साल तक दिल्ली में राजनीति शास्त्र के टीचर भी रहे। उनकी फिलॉस्फी और राजनीति शास्त्र में भी काफी दिलचस्पी रही। वेद प्रताप वैदिक ने 78 साल की उम्र में हरियाणा के गुड़गांव जिले में आखिरी सांस ली।

Back to top button