समाचार

क्लास खत्म होते ही स्कूल के बाहर मूंगफली बेचती है लड़की, वजह जान कहोगे- भगवान हमे भी ऐसी बेटी दे

आजकल स्कूल बड़े महंगे हो गए हैं। ऐसे में गरीब बच्चों के लिए अच्छे स्कूल में टिक पाना बड़ा मुश्किल हो जाता है। लेकिन कुछ बच्चों में पढ़ने लिखने की और कुछ करने की इतनी लगन होती है कि वह पढ़ाई का कोई ना कोई रास्ता खोज ही लेते हैं। अब केरेल के चेरथला की रहने वाली 12वीं क्लास की विनीशा (Vinisha) को ही देख लीजिए।

स्कूल के बाहर मूंगफली बेचती है छात्रा

दरअसल सोशल मीडिया पर इन दिनों एक मूंगफली बेचने वाली लड़की बड़ी वायरल हो रही है। विनिशा नाम की ये लड़की 12वीं क्लास की छात्रा है। वह अपने ही स्कूल के बाहर मूंगफली बेचती है। उसका स्कूल लगभग शाम 4 बजे खत्म होता है। फिर वह अपना मूंगफली का ठेला निकालती है और स्कूल के बाहर 4:30 से रात की 8 बजे तक मूंगफली बेचती है।

रात 8 बजे मूंगफली बेचने के बाद विनिशा अपने घर जाती है। यहां वह पढ़ाई करती है। घर के कुछ कामकाज भी निपटाती है। अगले दिन फिर से उसका यही टाइम टेबल रहता है। विनिशा जब मूंगफली बेचती है तो कुछ लोग उसका मजाक भी उड़ाते हैं। उसे तरह-तरह के नामों से पुकारते हैं। लेकिन विनिशा अपना काम पूरी ईमानदारी से करती है।

वजह जान नम हो जाएगी आंखें

अब आप सोच रहे होंगे कि इस लड़की को ऐसी भी क्या जरूरत आन पड़ी जो ये रोज अपने ही स्कूल के बाहर मूंगफली बेचती है। दरअसल विनिशा की मां भी मूंगफली बेचने का काम किया करती थी। लेकिन काम के समय घंटों खड़े रहते-रहते उनके पैरों में तकलीफ हो गई। इसलिए अब विनिशा ने अपनी मां का ये काम सांभाल लिया।

विनिशा के पिता एक मजदूर हैं। हाल ही में विनिशा की बड़ी बहन की शादी हुई थी। इस शादी के बाद से परिवार पर बहुत कर्ज आ गया है। उनके पास विनिशा को स्कूल में पढ़ाने के पैसे भी नहीं है। अपनी पढ़ाई लिखाई को जारी रख पाने के लिए विनिशा स्कूल खत्म होने के बाद मूंगफली बेचने का काम करती है। इससे उसके परिवार को भी आर्थिक मदद मिल जाती है।

विनिशा का उसके साथ छात्र मजाक भी उड़ाते हैं। लेकिन उन्हें अपने काम और स्वयं की अर्जित आय पर गर्व है। उनके लिए यह बिजनेस का एक अच्छा अनुभव है। बल्कि वह तो दूसरे स्टूडेंट्स को भी स्वतंत्र रहने और आजीविका कमाने का प्रयास करने की सलाह देती हैं।

यहां देखें वीडियो

विनिशा उन लाखों लोगों के लिए प्रेरणा है जो मुश्किल हालातों और गरीबी के चलते हार मान लेते हैं। अपने सपनों को त्याग देते हैं। विनिशा ने दुनिया को बता दिया कि इस दुनिया में कुछ भी असंभव नहीं है। आपको बस हर हाल में आगे बढ़ते रहना है। फिर एक दिन आपके सभी सपने सच होंगे।

Back to top button