बॉलीवुड

क्या खत्म हुई आमिर खान की स्टार वैल्यू? रिलीज के 2 महीने बाद ही OTT पर आई ‘लाल सिंह चड्ढा’

आमिर खान को बॉलीवुड का मिस्टर परफेक्शनिस्ट कहा जाता है। हालांकि उनका यह परफेक्शन अब धीरे-धीरे खत्म होता जा रहा है। उनकी पिछली कुछ फिल्में बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप रही है। इसमें ठग्स ऑफ हिंदुस्तान से लेकर इस साल रिलीज हुई ‘लाल सिंह चड्ढा’ शामिल है। ‘लाल सिंह चड्ढा’ फिल्म से आमिर को काफी उम्मीदें थी। उन्होंने इसके लिए बहुत मेहनत की थी। लेकिन यह फिल्म दर्शकों को रास नहीं आई। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर कोई खास बिजनेस भी नहीं किया।

नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई लाल सिंह चड्ढा

फिल्म की रिलीज के दौरान आमिर खान ने कहा था कि लाल सिंह चड्ढा को 6 महीने बाद ओटीटी पर डाला जाएगा। लेकिन यह फिल्म 6 अक्टूबर को ही नेटफ्लिक्स पर रिलीज हो गई। यह रिलीज काफी चोरी चुपके हुई। इसे लेकर कोई बड़ा प्रचार नहीं किया गया। शायद इसलिए कि फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर भी कोई खास झंडे नहीं गाड़े थे।

लाल सिंह चड्ढा के रिलीज के कुछ ही दिनों बाद ओटीटी पर आने से फैंस काफी हैरान हैं। आमतौर पर बड़े स्टार्स की फिल्में ओटीटी तक आने में काफी समय लगाती है। लेकिन इस फिल्म ने तो लगभग दो महीने के अंदर ही हार मान ली और ओटीटी पर आ गई। कयास लगाए जा रहे हैं कि फिल्म को बड़ा नुकसान हुआ है। वह बॉक्स ऑफिस पर पूरी लागत भी नहीं निकाल पाई है। इसलिए इसे ओटीटी पर जल्द स्ट्रीम कर उस नुकसान की भरपाई की जा रही है।

भारी नुकसान के चलते समय से पहले हुई स्ट्रीम

वैसे जो लोग लाल सिंह चड्ढा देखने के लिए थिएटर नहीं गए थे और उसके ओटीटी पर आने का इंतजार कर रहे थे उनके लिए ये अच्छी खबर भी है। गौरतलब है कि फिल्म की रिलीज से पहले ही इसे बायकॉट करने की मांग तेज हो गई थी। इस चक्कर में कई लोग फिल्म देखने थिएटर नहीं गए थे। यहां तक कि जो पहले आमिर खान की फिल्मों के फैन हुआ करते थे उन्होंने भी थिएटर जाने से तौबा कर ली थी।

बताते चलें कि लाल सिंह चड्ढा को बनाने में मेकर्स ने लगभग 180 करोड़ रुपये खर्च कर दिए थे। फिल्म ने वर्ल्डवाइड 133.5 करोड़ रूपये कमाए थे। भारत में फिल्म का नेट कलेक्शन 61.36 करोड़ रूपये था। वहीं इंडिया ग्रॉस कलेक्शन 72.5 करोड़ रूपये था। फिल्म को द्वैत चंदन ने डायरेक्ट किया था। इसकी कहानी अतुल कुलकर्णी ने लिखी थी।

फिल्म हॉलीवुड की पॉपुलर फिल्म फॉरेस्ट गम्प का ऑफिशल रीमेक थी। फिल्म में आमिर खान के साथ करीना कपूर थी। हालांकि दर्शकों ने फिल्म को नकार दिया था। दर्शकों की प्रतिक्रिया देख आमिर खान भी हैरान रह गए थे।

Back to top button