समाचार

सोनिया गांधी के निजी सचिव PP माधवन पर मृत कांग्रेस कार्यकर्ता की विधवा से रेप का आरोप, FIR दर्ज

कांग्रेस पार्टी से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के निजी सचिव पीपी माधवन के खिलाफ रेप का मामला दर्ज हुआ है। ये मामला दिल्ली के उत्तम नगर थाने में दर्ज कराया गया है। एक मृत कांग्रेस कार्यकर्ता की विधवा पत्नी ने सोनिया गांधी के निजी सचिव पीपी माधवन के खिलाफ बलात्कार का केस दर्ज कराया है। पीड़ित महिला दलित समुदाय से ताल्लुक रखती है।

पीड़ित महिला के मुताबिक उसका पति कांग्रेस कार्यकर्ता था और पार्टी के लिए होर्डिंग्स लगाने का काम करता था। 2020 में कोविड संक्रमण के कारण उसकी मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद पत्नी को काफी कठिनाइयों का समाना करना पड़ा। इसी दौरान पीड़ित महिला को सोनिया गांधी के निजी सचिव पीपी माधवन का फोन नंबर मिला, जिसके बाद पीड़ित महिला ने माधवन से बात की और अपनी परेशानियां बताईं। सोनिया गांधी के निजी सचिव पीपी माधवन ने उसे नौकरी देने और उससे शादी करने की बात कही। उन्होंने ये भी कहा कि वो तलाकशुदा हैं और उससे शादी करना चाहते हैं।

महिला का आरोप है कि जनवरी 2022 में एक दिन रात को 10 बजे पीपी माधवन ने उन्हें उत्तम नगर मेट्रो स्टेशन के पास बुलाया और अपनी कार में बिठाया। कुछ देर बाद उन्होंने ड्राइवर को गाड़ी से उतार दिया और उसके साथ अश्लील हरकत की। इस दौरान वो शादी की बात भी करते रहे। महिला का आरोप है कि उसके बाद फरवरी 2022 में उन्होंने अपने सुंदर नगर स्थित घर पर बुलाया और शादी का झांसा देकर उसके साथ बलात्कार किया

। महिला के मुताबिक एक दिन पीपी माधवन ने कहा कि उनकी पत्नी को ये सब पता चल गया है और इसके लिए वो मोबाइल नंबर और नाम वैगरह बदल रहे हैं। इसके बाद पीड़ित महिला का दिमाग ठनका और वो समझ गई उसे धोखा देकर रेप किया जा रहा है। जिसके बाद वो उत्तम नगर थाने में पहुंची और रेप का केस दर्ज कराया।

उधर इस मामले में पीपी माधवन से जब एक मीडिया हाउस ने इस बारे में सवाल किया तो उन्होंने ये माना कि वो उस महिला को जानते हैं, लेकिन उन्होंने उसके सभी आरोपों से साफ इनकार कर दिया।

Back to top button