समाचार

राष्ट्रपति चुनाव: NDA की द्रौपदी मुर्मू ने विपक्ष से भी मांगा समर्थन, ममता ने दिया ये जवाब

राष्ट्रपति पद का नामांकन भरने के बाद एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने चुनाव में विपक्षी दलों से भी समर्थन मांगा है। उन्होंने कई विपक्षी दलों के अध्यक्षों को खुद फोनकर ये समर्थन मांगा है। द्रौपदी मुर्मू ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, टीएमसी अध्यक्ष ममता बनर्जी, झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन और एनसीपी सुप्रीमों शरद पवार से फोन पर बात कर राष्ट्रपति चुनाव में उनके दल का समर्थन मांगा। बताया जा रहा है कि नामांकन भरने से पहले मुर्मू ने विपक्षी दलों के नेताओं को फोन किया।

गौरतलब है कि द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को राष्ट्रपति चुनाव 2022 के लिए अपना नामांकन भरा। बीजेपी के नेतृत्व वाले गठबंधन एनडीए ने उन्हें अपना उम्मीदवार बनाया है। द्रौपदी मुर्मू के नामांकन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत एनडीए के कई बड़े नेता मौजूद रहे।

क्या है राष्ट्रपति चुनाव का समीकरण

राष्ट्रपति चुनाव में जीत के लिए मुर्मू को एनडीए के अलावा कुछ अन्य दलों के समर्थन की भी जरूरत पड़ेगी। इसीलिए वो अन्य दलों से भी अपने लिए समर्थन मांग रही हैं।

ममता बनर्जी को किया फोन

टीएमसी लोकसभा और बंगाल विधानसभा में अपने संख्या बल की वजह से राष्ट्रपति चुनाव में महत्वपूर्ण है। द्रौपदी मुर्मू ने टीएमसी के समर्थन के लिए खुद ममता बनर्जी को फोनकर समर्थन मांगा। जवाब में ममता बनर्जी ने पहले शुभकामना दी फिर समर्थन की बात पर कहा कि ये पार्टी तय करेगी।

एक तरह से वो मुर्मू को समर्थन देने से मुकर गई हैं। शायद ममता के लिए समर्थन देना संभव भी नहीं है, क्योंकि उनकी पार्टी के यशवंत सिन्हा ही द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ विपक्ष के उम्मीदवरा हैं। खबर है कि यशवंत सिन्हा 27 जून को अपना नामांकन भरेंगे।

द्रौपदी मुर्मी ने टीएमसी के अलावा दूसरे विपक्षी दल जैसे कांग्रेस, जेएमएम और एनसीपी के नेताओं से भी फोन कर समर्थन मांगा है। यहां से भी उन्हें शुभकामनाएं मिली हैं लेकिन समर्थन का आश्वासन नहीं मिला है।

द्रौपदी मुर्मू का राष्ट्रपति बनना तय

BJD और YSR कांग्रेस ने एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने का ऐलान किया है। BJD चीफ नवीन पटनायक ने तो मुर्मू को उम्मीदवार बनाए जाने के समय ही खुशी जता दी थी। गौरतलब है कि द्रौपदी मुर्मू ओडिशा की रहने वाली हैं और राज्य के आदिवासी समुदाय से ताल्लुक रखती हैं।

इसके अलावा आंध्र प्रदेश में YSR कांग्रेस के चीफ जगन मोहन रेड्डी ने भी मुर्मू को समर्थन देने का ऐलान किया है। इन दोनों पार्टियों के समर्थन के बाद एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है और उनका राष्ट्रपति बनना तय है। उन्होंने औपचारिकता के लिए ही अन्य विपक्षी दल के नेताओं को फोन लगाया है।

Back to top button