समाचार

गौतम अडानी दान में भी नंबर-1, 60वें जन्मदिन पर 60,000 करोड़ रु का दान, जानिए किसे मिल रही रकम

अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी अमीरी में तो भारत के नंबर-1 पोजिशन को अपने नाम कर ही लिया है। अब दानवीरों की लिस्ट में भी नंबर-1 बनने जा रहे हैं। अपने 60वें जन्म दिन पर उन्होंने सामाजिक कार्यों के लिए अपना खजाना खोल दिया है। 60वें जन्मदिन पर गौतम अडानी ने 60,000 करोड़ रु दान करने का निर्णय लिया है। जो भारत में उद्योग जगत से जुड़े लोगों द्वारा एक बार में दी जाने वाली सबसे बड़ी दान राशि होगी। आपको बता दें कि 24 जून 2022 को गौतम अडानी 60 साल के हो जाएंगे।

गुरुवार को ब्लूमबर्ग को दिए इंटरव्यू में गौतम अडानी ने इस दान राशि के बारे में जानकारी दी। 60 हजार करोड़ की धनराशि अडानी फाउंडेशन को दी जाएगी। अडानी बताया कि – भारतीय कॉरपोरेट इतिहास में एक फाउंडेशन को ट्रांसफर की जाने वाली ये अबतक की सबसे बड़ी राशि है।

इस राशि का उपयोग अडानी फाउंडेशन द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और कौशल विकास के लिए किया जाएगा। गौरतलब है कि साल 2022 गौतम अडानी के पिता शांतिलाल अडानी का जन्म शताब्दी वर्ष भी है। उन्होंने कहा कि- ये दान उनके पिता शांतिलाल अडानी के जन्म शताब्दी वर्ष के लिए उनकी प्रतिबद्धता का भी सम्मान है।

अडानी की संपत्ति में लगातार इजाफा

आपको बता दें कि गौतम अडानी की संपत्ति में लगातार इजाफा हो रहा है। मुकेश अंबानी को पछाड़ कर वो भारत के सबसे अमीर शख्स बन चुके हैं। वर्ल्ड लेवल पर भी वो अमीरों की रेस में काफी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।  2022 के अबतक के 6 महीनों में ही गौतम अडानी अपनी संपत्ति में 15 बिलियन डॉलर का इजाफा कर चुके हैं। इन महीनों में अपनी संपत्ति बढ़ाने के लिहाज से वो दुनिया में नंबर-1 हैं। गौतम अडानी की कुल संपत्ति की बात करे तो यह 92 बिलियन डॉलर से अधिक हो गई है।

21 अरब डॉलर दान कर चुके हैं अजीम प्रेमजी

भारत में अबतक सबसे अधिक दान करने वालों की बात करें तो विप्रो के संस्थापक अजीम प्रेम जी अबतक सबसे ज्यादा दान करने वाले बिजनेसमैन हैं। अजीम प्रेमजी अपने जीवन में अबतक 21 अरब डॉलर का दान कर चुके हैं। 2020-21 में ही उन्होंने 9,713 करोड़ रुपये सामाजिक कार्यों के लिए ट्रांसफर किए थे। अजीम प्रेमजी की दान कई गई राशि की अगर प्रति दिन के हिसाब से गणना करें तो वो रोज 27 करोड़ रुपये दान कर देते हैं।

Back to top button