समाचार

10 साल की बच्ची ने अपनी बड़ी बहन को दी मुखाग्नि, करोड़पति परिवार के बच्चों का हो गया ऐसा हाल!

ऐसा शायद ही सुनने को मिला हो जब एक छोटी बहन ने अपनी बड़ी बहन का अंतिम संस्कार किया हो और उसे मुखाग्नि दी हो। लेकिन मध्य प्रदेश के डिंडौरी से दिल को दुखाने वाली ऐसी ही घटना सामने आई है। यहां गरीबी और बेबसी से जूझ रहे एक परिवार की 10 साल की बच्ची को अपनी बड़ी बहन की मौत पर उसे मुखाग्नि देनी पड़ी। बीमारी की वजह से बड़ी बहन की मौत हो गई थी।

संपन्न परिवार से रिश्ता फिर भी ये हाल

मां और दो बेटियों की दुखभरी कहानी ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। ये सभी शहर के प्रतिष्ठित परिवार से संबंध रखते हैं। लेकिन इस परिवार ने अब इन लोगों से मुंह मोड़ लिया हैं। दरअसल महिला इस परिवार की बहू है। परिवार के एक युवक ने इनसे इंटरकास्ट शादी की थी। इसी बात से परिवार नाराज हो गया है और नाता तोड़ लिया है। अंतर-जातीय विवाह के अलावा भाईयों में प्रॉपर्टी विवाद भी रिश्तों में दरार की वजह बताया जा रहा है।

दरअसल अलका और प्रदीप ने कई साल पहले इंटरकास्ट शादी की थी। दोनों से चार बच्चे हुए। इस परिवार पर दुखों का पहाड़ तब टूटा जब प्रदीप की मौत हो गई। परिवार को लिए आजीविका चलाना मुश्किल हो गया। बड़े खानदान की बहू होने के बावजूद अलका को मजदूरी करनी पड़ी। इसी दौरान अलका के दो बच्चों की मौत हो गई। दो बेटियों को साथ वो किसी तरह गुजर बसर कर रही है। उसने कई बार अपने पति के परिवारवालों से मदद की गुहार लगाई लेकिन किसी ने नहीं सुना।

जब इनकी बड़ी बेटी अस्पताल में भर्ती हुई तो भी मदद मांगी गई लेकिन अपना खून होते हुए भी परिवार का दिल नहीं पसीजा। आखिर इलाज के दौरान मंगलवार को बड़ी बेटी की मौत हो गई। जिसका अंतिम संस्कार उसकी 10 साल की छोटी बहन को करना पड़ा।

गौरतलब है कि अलका ने अपनी बड़ी बेटी की शादी की थी, लेकिन बाद में दामाद ने भी बेटी को छोड़ दिया। जिसके बाद उनकी बड़ी बेटी उन्हीं के साथ रह रही थी। अलका के मुताबिक मृत पति का शहर के काफी बड़े परिवार से ताल्लुक है लेकिन इंटरकास्ट शादी का हवाला देकर उन्हें प्रॉपर्टी से बेदखल कर दिया गया। अलका के मुताबिक प्रदीप के 11 भाई हैं जिनके पास करोड़ों रुपए की संपत्ति है उसमें उनके मृत पति का भी हिस्सा है, लेकिन उन्हें ये लोग उनका हिस्सा नहीं दे रहे हैं।

Back to top button