दिलचस्प

36 इंच के युवक को मिल गई ऐसी दुल्हन, देखने वालों की लग गई लाइन…सेल्फी लेने के लिए मच गई होड़

एक कहावत है कि जोड़ियां स्वर्ग से बनकर आती हैं। यहां पर तो बस रस्म निभाई जाती है। इस बात में कितनी सच्चाई है ये तो पता नहीं है। फिर भी इस कहावत को चरितार्थ करती एक शादी सामने आई है। ये शादी 36 इंच के युवक की है जो अपने लिए लड़की तलाश रहा था। हालांकि उसकी तलाश भी पूरी हो गई।

जहां सामान्य लोगों को ही अपने हिसाब से शादी के लिए लड़कियां मिलने में परेशानी होती है, वहीं इस 36 इंच के युवक को बीवी मिल गई। दोनों की शादी हुई तो वहां बिना बुलाए ही लोग पहुंच गए। वो बस इस अनोखी जोड़ी को देखने पहुंचे थे। शादी में लोगों के बीच सेल्फी लेने की भी होड़ मच गई। आइए पूरी खबर जानते हैं।

बिहार के भागलपुर की घटना

ये अनोखी शादी की घटना बिहार की है। यहां के भागलपुर जिले अनोखी शादी हुई। इसको देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गई। मसारू इलाके में बिंदेश्नरी मंडल रहते हैं। उनका 26 साल का बेटा है जिसका नाम मुन्ना भारती है। बचपन से ही वो नाटेपन का शिकार था। उसका कद बढ़ ही नहीं सका और वो बस 36 इंच का रह गया।

मुन्ना के पिता उसकी शादी करना चाहते थे लेकिन उसकी लंबाई की वजह से कहीं बात ही नहीं बनती थी। 36 इंच के लड़के से कोई अपनी बेटी की शादी करने के लिए तैयार ही नहीं था। मुन्ना भी शादी योग्य हो गया था। लेकिन कहीं दुल्हन नहीं मिल पा रही थी। फिर एक दिन उनको पता लगा कि एक लड़की के पिता लड़का तलाश रहे हैं।

वहां गए और बन गई बात

लड़के वाले जब नवगछिया के अभिया बाजार निवासी किशोरी मंडल के घर मिलने पहुंचे तो पूरा मामला पता लगा। किशोरी की 24 साल की बेटी है जिसका नाम ममता कुमारी है। वो भी उसी समस्या से गुजर रही थी जिससे मुन्ना गुजरा था। ममता की लंबाई भी नहीं बढ़ सकी थी। वो बस 34 इंच की ही थी।

दोनों परिवारों के बीच बातचीत हुई और शादी फाइनल हो गई। फिर क्या था दोनों ही घरों में शादी की तैयारियां शुरू हो गईं। मुन्ना और ममता भी एक दूसरे को जीवनसाथी के रूप में पसंद कर चुके थे। तय समय पर मुन्ना बारात लेकर निकला और सीधा अपनी दुल्हन के घर पहुंचा। बारात खूब धूमधाम से पहुंची और जमकर नाच गाना भी हुआ।

सेल्फी लेने के लिए मच गई होड़

जैसे ही इस अनोखी शादी की खबर इलाके के लोगों को हुई, सब वहां पहुंच गए। 36 इंच के दूल्हे और 34 इंच की दुल्हन को देखने के लिए वहां होड़ सी मच गई। हर कोई अपने मोबाइल से दोनों के साथ सेल्फी लेने के लिए कोशिश करता नजर आया। बिना निमंत्रण के ही लोग शादी में पहुंच गए और दोनों को देखने लगे।

शादी के बाद वर और वधू काफी खुश नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि उनकी मर्जी से ही ये शादी हुई है। मुन्ना ने बताया कि वो लोगों को डांस सिखाने का काम करते हैं। उन्होंने प्राइवेट डांस एकेडमी ज्वॉइन की हुई है। वहीं ममता का कहना है कि लोग उनके नाटेपन का मजाक उड़ाते हैं लेकिन उन दोनों को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है।

Back to top button