बॉलीवुड

जब देवानंद ने मधुबाला को अंग्रेजी की वजह से लगा दी थी डांट, जानें फिर हीरोइन ने क्या किया?

पुराने जमाने के दो सितारे बहुत मशहूर हुए। ये देव आनंद और मधुबाला थे जिनको देखने के लिए लोग उत्सुक रहते थे। इन दोनों की फिल्मी पर्दे पर जोड़ी देखते ही बनती थी। इनकी कई फिल्में सुपरहिट रहीं जिनमें दोनों का तालमेल देखते ही बनता है। आराम, मधुबाला और काला पानी जैसी फिल्में तो लोगों के दिलों पर आज भी राज करती हैं।

वैसे सेट पर दोनों के बीच नोकझोंक भी होती रहती थी। मधुबाला भी देव साहब की हर बात को गंभीरता से लेती थीं। एक बार देव ने मधुबाला को अंग्रेजी भाषा को लेकर डांट लगा दी थी। इसके बाद मधुबाला ने जो किया उसको देखकर देव साहब की हंसी छूट जाया करती थी। आइए इस दिलचस्प किस्से को जानते हैं।

आराम फिल्म की शूटिंग का है वाक्या

ये घटना 1950 की है जब मधुबाला और देव साहब आराम फिल्म की शूटिंग कर रहे थे। एक दिन इस फिल्म की शूटिंग चल रही थी। इसी बीच उनका एक दोस्त देव से मिलने सेट पर आ गया। शूटिंग के बीच ही दोनों बात करने लग गए। देव साहब की आदत थी कि वो इंग्लिश में ही बात किया करते थे।

dev anand

देव और उनके दोस्त अंग्रेजी में ही गप-शप करने लगे। मधुबाला भी उनसे कुछ ही दूर बैठी हुई थीं। हालांकि सब जानते थे कि उनको अंग्रेजी भाषा नहीं आती थी। वो उर्दू ही समझती थीं। अचानक से दोस्तों की बातचीत में मधुबाला ने अपना नाम सुना तो उनकी जिज्ञासा बढ़ गई। हालांकि वो बस अपना नाम ही सुन सकीं।

देव साहब ने लगा दी मधुबाला को डांट

दोनों दोस्त काफी देर तक सेट पर बात करते रहे। इंग्लिश में बात होने की वजह से मधुबाला को कुछ नहीं समझ आया। बाद में जब उनके दोस्त चले गए तो मधुबाला देव के पास आ गईं। उन्होंने देव से पूछा कि जब वो दोस्त से बात कर रहे थे तो उनका नाम भी ले रहे थे। दोनों ने उनके बारे में क्या बात की।

इस पर देव साहब हंसने लगे। उन्होंने मधुबाला को बताया कि वो अपने दोस्त से उनकी तारीफ कर रहे थे। देव बोले कि दोस्त ने उनके बारे में सवाल किया था। ऐसे में उन्होंने बता दिया था कि मधुबाला बहुत मेहनत करती हैं। हालांकि मधुबाला ने जब इस बात पर यकीन नहीं किया तो देव साबह ने उनको अंग्रेजी न आने के लिए डांट दिया था।

जानें सेट पर क्या करने लगीं मधुबाला

देव आनंद ने मधुबाला से साफ कह दिया था कि अगर उनको भरोसा नहीं है तो वो खुद अंग्रेजी क्यों नहीं सीख लेतीं हैं। देव की ये बात मधुबाला को चुभ गई थी। इसके बाद मधुबाला ने भी अंग्रेजी सीखने की ठान ली थी। अगले ही दिन से वो सेट पर अंग्रेजी की किताब लेकर आया करती थी। उनको देखकर देव दूर से ही हंसा करते थे।

एक दिन सुशीला रानी सेट पर आई थीं। वो नामचीन लेखक बाबू राव पटेल की बीवी थीं। उन्होंने मधुबाला की लगन देखी तो उनको अंग्रेजी भाषा सिखाने की जिम्मेदारी ले ली। इसके बाद कुछ महीनों की प्रैक्टिस से मधुबाला इंग्लिश बोलने लग गईं। फिर जब वो सेट पर आईं तो देव से अंग्रेजी में ही बात की। उस दिन भी देव आनंद के चेहरे पर हंसी थी।

Back to top button