बॉलीवुड

Happy B’day Vikram: कलेक्टर का बेटा जो बन गया सुपर स्टार, अब सलमान खान तक करते हैं कॉपी

साउथ सिनेमा में कई ऐसे बड़े कलाकार हैं जो सिनेमा जगत में राज करते हैं। इन कलाकारों में एक नाम जरूर आता है वो एक्टर विक्रम का है। हिन्दी सिनेमा में लोग उनको ‘अपरिचित’ के नाम से ज्यादा जानते हैं। इस फिल्म ने ऐसी धूम मचा दी थी कि हिन्दी भाषी क्षेत्रों के लोग विक्रम को इसी नाम से पुकारने लगे थे।

आज यानि 17 अप्रैल को एक्टर विक्रम का जन्मदिन है। इस खास दिन पर हम आपको उनसे जुड़ी कुछ खास बाते बताने जा रहे हैं। आखिर कैसे एक सब कलेक्टर का बेटा फिल्मी हीरो बन गया। वैसे आपको बता दें कि विक्रम की एक मूवी की कॉपी कर सलमान खान भी बॉलीवुड में छा गये थे। चलिए आपको पूरी जानकारी देते हैं।

पिता की वजह से आया एक्टिंग में रुझान

विक्रम का असली नाम केनेडी जॉन विक्टर है लेकिन उनको सिनेमा में सब विक्रम ही कहते हैं। वो इस समय 55 साल के हो चुके हैं। उनका जन्म 17 अप्रैल 1966 को चेन्नई में हुआ था। विक्रम ने लोयोला कॉलेज से पढ़ाई की है। उनकी मां हिन्दू परिवार से थीं और सब कलेक्टर थीं। वहीं उनके पिता विनोद राज ईसाई थे।

विक्रम के पिता को हीरो बनने का बहुत शौक था। वो फिल्मों में करियर बनाने के लिए घर से भाग गए थे। हालांकि वो कभी सफल हीरो नहीं बन सके और सिर्फ साइड रोल ही करते रहे। अपने पिता को देखने के बाद ही विक्रम में भी फिल्मी हीरो बनने का रुझान आया था। इसके बाद उन्होंने भी अपना करियर शुरू कर दिया।

1990 में रखा एक्टिंग की दुनिया में कदम

विक्रम ने 1983 में ग्रेजुएट कर लिया था। इसके बाद उन्होंने 1990 में पहली बार एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा। वो स्कूल और कॉलेज में तो एक्टिंग करते रहते थे। उनकी पहली फिल्म ‘एन कढल कनमानी’ थी जो तमिल फिल्म थी। इसके बाद भी उन्होंने कई फिल्में कीं लेकिन उनको सफलता नहीं मिल सकी।

इसके बाद 1999 में उनकी फिल्म ‘सेतु’ ने उनका करियर ही बदल दिया। इस फिल्म को मिली गजब की सफलता से वो रातो रात सुपर स्टार बन गए थे। इस फिल्म की सफलता ऐसी थी कि बॉलीवुड ने भी फिल्म को कॉपी कर लिया था। जी हां सलमान खान की तेरे नाम फिल्म इसी मूवी की कॉपी थी। जिसने उनको भी स्टार बना दिया था।

साउथ के सुपर स्टार, मचा रहे हैं धमाल

सेतु मूवी की सफलता के बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। इसके बाद उन्होंने अपरिचित (अन्नियन), ‘आई’, ‘ईरु मुगान’, ‘सामी’, ‘सेतु’ हो या ‘स्केच’ सभी फिल्मों से लोगों को अपना दीवाना बना लिया। बॉलीवुड में भी वो ‘रावण’ फिल्म में पुलिसवाले की भूमिका में नजर आए थे। इस फिल्म में उनके काम की बहुत तारीफ हुई थी।

उन्होंने साल 1992 में शैलजा बालाकृष्णन से विवाह किया था। उनके दो बच्चे हैं जिनके नाम अक्षिता और ध्रुव हैं। विक्रम इस समय भी कई बड़े बजट की फिल्म कर रहे हैं। उनकी PS1 फिल्म का तो दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है। इसमें ऐश्वर्या राय भी हैं। वहीं विक्रम की फिलहाल कोबरा मूवी जल्द ही सिनेमाघरों में नजर आने वाली है।

Back to top button