बॉलीवुड

Birthday Special: ‘मुन्नाभाई’ की मां रोहिणी को क्यों बनना पड़ा था पुरुष, बड़ा दिलचस्प है किस्सा

बॉलीवुड की मशहूर अदाकाराओं का जब भी जिक्र होता है, एक नाम सबसे ऊपर जरूर आता है। वो नाम अभिनेत्री रोहिणी हट्टंगड़ी का है। उनका अभिनय ऐसा है जैसे कोई फिल्म न चल रही हो बल्कि हकीकत हो। इसी वजह से उनको फिल्मी दुनिया में काफी पसंद किया जाता है। उनकी बेजोड़ एक्टिंग का सब लोहा मानते हैं।

11 अप्रैल 1955 को जनम लेने वाली रोहिणी का आज जन्मदिन है। उनके बर्थडे पर हम आपको बताते हैं कि आखिर उनकी कौन-कौन सी फिल्में ऐसी रहीं जिसमें उनकी अदाकारी की तारीफ हुई। वैसे फिल्म गांधी में उनकी कस्तूरबा वाली भूमिका को लोग आज भी याद करते हैं। चलिए हम उनके फिल्मी सफर के बारे में जानकारी देते हैं।

मराठी सिनेमा से की थी करियर की शुरुआत

रोहिणी ने अपने करियर की शुरुआत मराठी सिनेमा से की थी। हालांकि इसके बाद उन्होंने हिन्दी सिनेमा का रुख कर लिया। उनकी बेहतरीन अदाकारी की वजह से उनको काम मिलने में कभी कमी नहीं आई। उनको असल पहचान गांधी फिल्म से मिली थी। इस फिल्म में उन्होंने कस्तूरबा गांधी का किरदार निभाया था।

सबसे बड़ी बात है कि कस्तूरबा गांधी का किरदार 74 साल की वृद्धा का था। उस समय रोहिणी की उम्र मात्र 27 साल की थी। ऐसा किरदार उनके लिए चुनौती था। इसके बाद भी उन्होंने चुनौती स्वीकार की और किरदार निभाया। उनकी एक्टिंग के लिए खूब सराहा गया था। लोगों ने भी रोहिणी की बहुत तारीफ की थी।

अग्निपथ में बनी अमिताभ की मां

इसके बाद भी उन्होंने कई फिल्मों में काम किया। एक बार फिर उनके करियर ने उछाल मारा फिल्म अग्निपथ से। इस फिल्म में उन्होंने अमिताभ बच्चन की मां का रोल निभाया था। ये किरदार भी उनके जीवन का यादगार रोल बन गया। इस मूवी के लिए उनको सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का फिल्म फेयर पुरस्कार भी मिला था।

रोहिणी हट्टंगड़ी ने दो बार फिल्म फेयर जीता है। इसके अलावा भी उनको कई सम्मान मिल चुके हैं। गांधी फिल्म के लिए उनको बेफ्टा अवार्ड भी मिल चुका है। मुन्ना भाई एमबीबीएस में भी वो संजय दत्त की मां के रूप में नजर आई थीं। इस फिल्म में उनका रोल छोटा था लेकिन इस रोल की जमकर सराहना की गई थी।

जानें क्यों महिला से बनना पड़ा था पुरुष

अब हम आपको बताते हैं कि उनको महिला से पुरुष क्यों बनना पड़ा था। असल में उनकी एक फिल्म की डिमांड की वजह से उनको ऐसा करना पड़ा था। ‘वन्स मोर’ नामक मराठी फिल्म साल 2019 में आई थी। इसी फिल्म की कहानी के हिसाब से उनको पुरुष गेटअप रखना पड़ा था। ये किरदार अपने आपमे अनोखा था।

रोहिणी पुरुष के किरदार में ऐसी ढल चुकी थीं कि उनको पहचान पाना ही अपने आपमें चुनौती हो गई थी। उनका पुरुष वाला ये लुक सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। जो भी उनको देख रहा था वो कह रहा था कि ये पुरुष ही है। उन्होंने हाल ही में ‘जलसा’ फिल्म में अभिनय किया है। इस फिल्म में विद्या बालन हीरोइन हैं।

Back to top button