बॉलीवुड

जब एक्सरे दिखाकर Mr India के ‘कैलेंडर’ को मिला था फिल्म में काम, बड़ा मजेदार है किस्सा

अभिनेता सतीश कौशिक फिल्मों में एक ऐसा नाम है जिनकी जगह कोई नहीं ले सकता है। फिल्म कैसी भी हो, रोल किसी भी तरह का हो, सतीश उस रोल में अपने आप को ऐसे ढाल लेते हैं, जैसे ये रोल उनके लिए ही बना हो। इसी वजह से पूरी फिल्मी दुनिया में बड़े से बड़ा डायरेक्टर उनकी इज्जत करता है।

मिस्टर इंडिया फिल्म में कैंलेडर के मजाकिया किरदार में तो वो आज भी लोगों को याद आते हैं। वैसे इतना हुनर होने के बाद भी आपको क्या लगता है कि उनको आसानी से काम मिल गया था। जी नहीं इसके लिए सतीश को काफी मेहनत करनी पड़ी थी। हालांकि उनको पहला ब्रेक छाती का एक्सरे दिखाकर मिला था। आइए इस किस्से को जानते हैं।

65 साल के हैं सतीश कौशिक

सतीश कौशिक इस समय 65 साल के हैं। उनका जन्म 13 अप्रैल 1956 को हुआ था। वो महेन्द्रगढ़ में पैदा हुए थे। सतीश बहुमुखी प्रतिभा के धनी हैं। वो अभिनेता होने के साथ ही लेखन का काम भी करते हैं। इतना ही नहीं वो फिल्मों के डायरेक्शन से लेकर प्रोडक्शन तक से जुड़े हुई हैं। इसीलिए उनको मल्टी टेलेंटेड पर्सन कहा जाता है।

सतीश कौशिक ने अपना करियर हास्य अभिनेता के तौर पर शुरू किया था। हालांकि उनको संजीदा रोल में भी अब देखा जाता है। उनकी शादी शशि कौशिक से हुई है। दोनों के दो बच्चे हैं। इनके नाम वंशिका कौशिक और शानू कौशिक हैं। सतीश को सर्वश्रेष्ठ परफॉरमेंस इन ए कॉमिक रोल का फिल्मफेयर पुरस्कार भी मिल चुका है।

जानें कैसे मिला फिल्म में काम

हाल ही में कपिल शर्मा के शो पर सतीश कौशिक और अनु मलिक आये हुए थे। इस दौरान इन दोनों अपने-अपने किस्से सुनाए। सतीश ने भी अपने जीवन संघर्ष के बारे में बताया। उन्होंने इसी समय अपने जीवन का मजेदार किस्सा भी बताया। जब उनको सीने का एक्सरे दिखाकर फिल्मों में काम मिला था।

सतीश कौशिक ने कपिल के शो में उस मजेदार किस्से को बताया। हुआ ये था कि मशहूर डायरेक्टर श्याम बेनेगल उस समय एक फिल्म मंडी बना रहे थे। इसी फिल्म में सतीश भी काम करना चाह रहे थे। उन्होंने अपना नाम भी भेजा था ताकि उनको भी फिल्म में कोई रोल मिल जाए और श्याम के साथ काम करने का मौका मिले।

बोले फोटो नहीं, एक्सरे है

सतीश कौशिक ने बताया कि इसी दौरान उनको पता लगा था कि उनकी किडनी में पथरी हो गई है। उनकी कई दिनों से तबीयत खराब थी। वो चेकअप करवाने गए तो डॉक्टर ने उनसे एक्सरे करवाने के लिए कहा। वो अस्पताल से एक्सरे करवाकर वापस ही लौट रहे थे कि अचानक उनको श्याम बेनेगल का फोन आ गया।

श्याम बेनेगल ने उनसे फोटो मांग ली। इसपर सतीश ने कहा कि वो समझ गए थे कि फोटो देकर तो काम मिलेगा नहीं। ऐसे में उन्होंने थोड़ी चतुराई दिखाई। उन्होंने डायरेक्टर से कहा कि उनके पास फोटो तो नहीं है। हां एक्सरे है और वो अंदर से बहुत अच्छे इंसान हैं। उनकी बातें सुनकर श्याम को हंसी आ गई और उन्होंने अपनी मूवी में उनको काम दे दिया।

Back to top button