समाचार

आतंकियों ने कश्मीरी पंडित को गोली मारी, 30 वर्षों से बिना डरे लोगों को दे रहे हैं दवाइयां

कश्मीरी में रहने वाले पंडितों पर हमला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। पहले ही करीब सारे पंडितों को भगाने के बाद भी आतंकियों का दुस्साहस कायम है। इस बार आतंकियों ने एक और कश्मीरी पंडित को अपना निशाना बना लिया। शोपियां जिले में रहने वाले कश्मीरी पंडित को गोली मारी गई है। वो गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं।

इस घटना के बाद से उस पूरे क्षेत्र को सेना और पुलिस ने घेर लिया है। पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। आतंकियों को वहां तलाशने की कोशिश की जा रही है। 24 घंटों में ये तीसरा हमला है। इसी वजह से सुरक्षाबल अब ज्यादा चौकस होकर तलाशी अभियान चला रहे हैं।

मेडिकल स्टोर चलाते हैं कश्मीरी पंडित सोनू

जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटने के बाद राज्य की कमान सीधे केन्द्र सरकार के हाथ में चली गई है। अब ये केन्द्र शासित प्रदेश बन चुका है। इसी वजह से आतंकी बौखला गए हैं। वो लगातार अपना गुस्सा वहां रहने वाले कश्मीरी पंडितों पर निकाल रहे हैं। इसी वजह से सोमवार को एक कश्मीरी पंडित को गोली मार दी गई।

दक्षिणी कश्मीर के शोपियां जिले में रहने वाले सोनू कुमार बलजी को इस बार आतंकियों ने अपना निशाना बनाया है। वो चित्रागाम इलाके में रहते हैं। कश्मीरी पंडित सोनू पिछले 30 साल से शोपियां में ही रह रहे हैं। वो आतंकियों के बीच उनसे बिना डरे मेडिकल स्टोर चला रहे हैं और लोगों को दवाइयां देते हैं।

आतंकियों ने मारी तीन गोलियां

सोनू कुमार बलजी इतने निडर हैं कि जब 1990 में कश्मीरी पंडितों ने पलायन कर लिया था। उस समय भी वो कश्मीर छोड़कर नहीं गए थे। वो आतंकियों से बिना डरे लोगों को दवाइयां देते हैं। उनको आतंकवादियों ने सोमवार की शाम को घेर लिया। इसके बाद उनके शरीर में एक के बाद एक तीन गोलियां मार दीं।

हमले के बाद आतंकी वहां से फरार हो गए। वहीं सोनू हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उनको फौरन ही श्रीनगर के हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। यहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। इसी के बाद से सेना और पुलिस सतर्क हो गए हैं। कश्मीरी पंडित पर हुए हमले के बाद वहां चौकसी बढ़ा दी गई है।

24 घंटों में 3 हमले

आतंकवादियों का दुस्साहस कश्मीर में बढ़ता ही जा रहा है। आतंकी अब सीधे सीधे ही सुरक्षाबलों को चुनौती दे रहे हैं। उन्होंने पिछले 24 घंटों में 3 हमले किए हैं। रविवार को पुलवामा में भी आतंकियों ने हमला किया। यहां के नौपोरा क्षेत्र में दो पंजाब के मजदूरों को गोली मार दी। वहीं पुलवामा में ही बिहार के दो लोगों को भी गोली मारी।

इतना ही नहीं आतंकियों ने श्रीनगर में लाल चौक के नजदीक हमला किया। हमले में एक सीआरपीएफ का जवान शहीद हुआ जबकि एक जवान घायल हो गया। इन हमलों के बाद से अब पुलिस और सेना ज्यादा गंभीरता से वहां सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। इलाके से आतंकियों को तलाशने का काम जारी है।

Back to top button