राजनीतिसमाचार

10 तोला सोना…50 लाख की संपत्ति, महिला ने कर दी राहुल गांधी के नाम, बेहद दिलचस्प है इसकी वजह

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भले ही इन दिनों कम सक्रिय दिख रहे हों। फिर भी उनकी लोकप्रियता में कोई कमी नहीं हो रही है। उनको चाहने वाले अब भी देश में बहुत लोग हैं। इसका ताजा उदाहरण एक महिला ने पेश किया है। महिला ने अपनी 50 लाख की संपत्ति और 10 तोला सोना, सब राहुल गांधी के नाम कर दिया है।

महिला उत्तराखंड की रहने वाली है। महिला के इस कदम की जानकारी अब कांग्रेस खुद ही गर्व के साथ दे रही है। अपने नेता की लोकप्रियता को भुनाने के लिए कांग्रेस पार्टी के महानगर अध्यक्ष ने पूरी खबर दी है। अब आप सोच रहे होंगे कि आखिर महिला ने ऐसा कदम क्यों उठाया तो हम इसकी वजह बताते हैं।

देहरादून की रहने वाली है महिला

राहुल गांधी देहरादून में संपत्ति के मालिक हो गए हैं। उनको ये संपत्ति बिना किसी जतन के मिल गई है। इसके साथ ही उनके नाम 10 तोला भी हो गया है। ये सारी संपत्ति उनको बैठे बैठाए ही मिल गई है। इस संपत्ति को उनके नाम उत्तराखंड के देहरादून में रहने वाली एक बुजुर्ग महिला ने कर दिया है।

78 साल की बुजुर्ग महिला ने अपनी संपत्ति को राहुल गांधी के नाम कर दिया है। उन्होंने कोई हवा में ऐसा नहीं किया है। बल्कि इसके लिए कोर्ट का सहारा लिया है। पुष्पा मुंजयाल नाम की महिला ने राहुल के नाम अपनी सारी संपत्ति और सोना करने के लिए कोर्ट में वसीयतनामा भी पेश किया है।

जानें क्यों राहुल को दे दी अपनी सारी संपत्ति

अब हम आपको वो वजह बताते हैं कि आखिर महिला ने अपनी संपत्ति राहुल के नाम क्यों कर दी है। पुष्पा मुंजयाल का कहना है कि वो राहुल गांधी के विचारों से बहुत प्रभावित हैं। उन्होंने कहा है कि देश को कांग्रेस नेता और उनके विचारों की सख्त जरूरत है। वो उनसे बहुत ज्यादा प्रभावित हो चुकी हैं।

इसके साथ ही महिला ने राहुल गांधी के परिवार की भी खूब तारीफ की है। उनका कहना है कि गांधी परिवार का आजादी के लिए बहुत बड़ा योगदान रहा। उनका मानना है कि गांधी परिवार ने आजादी के बाद भी सर्वोच्च कुर्बानी दी है। वहीं इंदिरा गांधी से लेकर राजीव गांधी, सब देश के लिए कुर्बान हो गए।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के घर जाकर सौंपा वसीयतनामा

देहरादून महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने जानकारी दी कि महिला ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के घर जाकर वसीयतनामा सौंपा है। महिला ने प्रीतम सिंह से राहुल गांधी के बारे में कई बातें भी कहीं। उन्होंने राहुल की तारीफ करते हुए एक अच्छा नेता बताया। साथ ही देश के लिए उनकी जरूरत के बारे में भी बात की।

राहुल गांधी की बात करें तो फिलहाल कांग्रेस की अंंदरूनी राजनीति में वो काफी उलझे हुए हैं। कई नेता अब गांधी परिवार की लीडरशिप को चुनौती देने लगे हैं। कुछ नेता अब गांधी परिवार से इतर कोई दूसरे नेता को पार्टी का अध्यक्ष बनाना चाहते हैं। इसी वजह से राहुल इन दिनों सक्रिय राजनीति में कम ही नजर आ रहे हैं। हालांकि वो सोशल मीडिया पर एक्टिव रहते हैं।

Back to top button