समाचार

सुंदर सी लड़की भेजे फ्रेंड रिक्वेस्ट तो हो जाएं सावधान, हीरोइन बनने आई युवतियों को मिला नया काम

ये दौर सोशल मीडिया का है। शायद ही कोई ऐसा होगा जो इस समय सोशल मीडिया से अछूता है। खासकर सोशल साइट्स पर तो बच्चे तक आ गए हैं। जैसे-जैसे फेसबुक, इंस्टा या वाट्सएप का क्रेज आगे बढ़ रहा है। वैसे-वैसे ही इनसे जुड़े अपराध भी नये तरीकों से हमारे सामने आ रहे हैं।

शातिर अपराधी अब आपकी जेब सोशल मीडिया के माध्यम से भी ढीली कर रहे हैं। ये अपराधी अब गैंग बना चुके हैं और लड़कियों के साथ मिलकर आपको चूना लगा रहे हैं। अगर कोई सुंदर सी लड़की आपको भी फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजे तो आप सावधान हो जाएं। कहीं ऐसा न हो कि आप इन लुटेरों के चक्कर में फंसकर अपनी जिन्दगी भर की कमाई लुटा दें।

मुंबई में सक्रिय है गिरोह

साइबर क्राइम से जुड़ा ये गिरोह मुंबई और इसके आस-पास के इलाके में सक्रिय है। शातिर अपराधियों ने अपने इस काम के लिए ऐसी लड़कियों को नौकरी पर रखा हुआ है, जो बेहद खूबसूरत हैं और हीरोइन बनने के लिए मुंबई में आई हुई हैं। गिरोह इन लड़कियों के जरिए ही भोले-भाले लोगों को फंसा रहा है।

इसी वजह से मुंबई की साइबर क्राइम शाखा अलर्ट हो चुकी है। ये गिरोह पुलिस के लिए भी सिरदर्द बना हुआ है। इसलिए इन गिरोहों के खिलाफ देशव्यापी अभियान शुरू हो गया है। वहीं जानकार कहते हैं कि अगर आप इनके चंगुल में फंस भी जाएं तो घबराकर पैसे देने न लग जाएं बल्कि सारी रिकॉर्डिंग पुलिस को दें ताकि इनके खिलाफ कार्रवाई हो सके।

ऐसे फंसाते हैं लोगों को

यूपी के आजमगढ़ से मुंबई में हीरोइन बनने का सपना लेकर आई युवती ने पूरा सच बताया है। उसने बताया कि पहले उसे कॉल सेंटर में काम के नाम पर बुलाया गया। इसके बाद उसको फेसबुक पर लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजने के काम पर लगा दिया गया। इसके लिए उससे 40 से 50 फर्जी आईडी बनवाई गई।

युवती ने बताया कि अगर किसी ने फ्रेंड रिक्वेस्ट मंजूर कर ली, उसके बाद असली खेल शुरू होता है। पहले उस इंसान को लड़की मीठी-मीठी बातें कर अपने जाल में फंसाती है। इसके बाद उसका व्हाट्सएप नंबर हासिल किया जाता है। नंबर मिलते ही वीडियो कॉल की डिमांड होती है। गलती से भी एक बार आपने कैमरा ऑन कर दिया, मतलब आप इनके जाल में फंस गए।

सेक्सटॉर्शन मनी वसूल रहे अपराधी

ये शातिर अपराधी सेक्सटॉर्शन मनी वसूल रहे हैं। वीडियो कॉल में आपको लड़की अश्लील ड्रेस में दिखेगी। इसके बाद आपसे भी कुछ ऐसी ही डिमांड की जाएगी। एक बार आपने उनकी बात मान ली तो ये फोन काट देते हैं। उस वीडियो की रिकॉर्डिंग हो रही होती है जिसमें आप आपत्तिजनक अवस्था में नजर आ रहे होते हैं।

इसके बाद आपको धमकी दी जाती है कि अगर आपने पैसे नहीं दिए तो वीडियो क्लिप सोशल मीडिया से लेकर आपके रिश्तेदारों को भी भेज दी जाएगी। एक बार आपने इनको थोड़ी भी रकम दे दी तो अगली बार इनकी डिमांड बढ़ जाएगी। ये गिरोह मुंबई के एक व्यवसायी को इसी तरह 75 लाख रुपये की चपत लगा चुका है।

जानकारों का कहना है कि ये अपराधी कम्प्यूटर में एक्सपर्ट हैं। ऐसे में आपके साथ किसी भी तरह का फ्रॉड होता है तो फौरन ही पुलिस को इस अपराध की सूचना जरूर दें।

Back to top button
?>