समाचार

BSF जवान ने खाना खा रहे साथियों पर बरसाईं गोलियां, 5 की मौत- 12 घायल, इस वजह से था गुस्से में

अमृतसर से बेहद हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां बीएसएफ के एक जवान ने अपने ही साथियों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से जवानों में हड़कंप मच गया। इससे पहले की कोई कुछ समझ पाता कई जवानों को गोलियां लग गईं। मौके पर ही चार जवानों की मौत हो गई और कई घायल भी हो गए। वहीं जवान ने खुद को भी गोली मार ली। इस तरह से जवान समेत मरने वालों की संख्या 5 हो गई है।

 

खासा हेडक्वाॉर्टर में हुई घटना

अमृतसर से ये चौंकाने वाली खबर खासा हेडक्वॉटर से आई है। यहां रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक जवान ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जानकारी के मुताबिक ये हेडक्वॉटर शहर से 13 किमी दूर मौजूद है। यहां पर बीएसएफ की 144 बटालियन तैनात है। यहीं पर सत्तेप्पा एसके नाम का जवान भी तैनात था।

रविवार सुबह यहां पर मेस में जवान मौजूद थे। उनका सुबह का नाश्ता चल रहा था। इसी दौरान जवान सत्तेप्पा एसके वहां पहुंच गया। उसको देखकर जवान कुछ समझ नहीं सके कि वो किस इरादे से मेस में आया है। उसके पास सर्विस राइफल थी। अचानक जवान ने साथियों को टारगेट कर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

घटना के बाद खुद को भी मारी गोली

फायरिंग होते ही जवानों में हड़कंप मच गया। हर कोई अपनी जान बचाने की कोशिश करने लगा। कुछ जवान तो अपनी जान बचाने में कामयाब हो गये लेकिन कुछ की किस्मत साथ नहीं दी। सत्तेप्पा की राइफल की गोली ने मौके पर ही चार जवानों को मार डाला। इसके अलावा भी कई जवान घायल हो गए हैं। घटना के बाद उसने खुद को भी गोली मार ली और उसकी भी मौत हो गई।

इस वजह से था गुस्से में

सुबह साढ़े 9 बजे के आस-पास हुई इस घटना ने सबको हैरत में डाल दिया है। जानकारी के मुताबिक वो सीमा पर अपनी ड्यूटी को लेकर अफसरों से नाराज चल रहा था और अपने गुस्से को काबू में नहीं रख सका। इसी कारण उसने अपना गुस्सा साथी जवानों पर निकाल दिया। उसकी फायरिंग में कई जवान घायल हैं जिनको अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

अफसरों के मुताबिक घायलों में कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल रैंक के कर्मी शामिल हैं। बीएसएफ प्रवक्ता का कहना है कि ये घटना क्यों हुई, इस संबंध में कोर्ट ऑफ इंक्वायरी का ऑर्डर दे दिया गया है और घटना ही पूरी जांच की जा रही है। साथ ही घटना की वजह और जवान की नाराजगी का पता लगाने की कोशिश भी की जा रही है।

Back to top button