समाचार

यूक्रेनी लोगों के बीच फंस गया रूसी सैनिक तो फूट-फूट कर रोने लगा, फिर हुई यह दिलचस्प घटना

रूस और यूक्रेन के बीच जंग लगातार बढ़ती जा रही है। अमेरिका समेत यूरोप के तमाम देशों की अपील और धमकी के बाद भी रूस रुकने का नाम नहीं ले रहा है। अब यूक्रेन पर हमले और तेज हो गए हैं। रूसी सैनिक कीव के साथ ही दूसरे शहरों को भी निशाना बना रहे हैं।

यूक्रेन पर लगातार मिसाइलों से हमले हो रहे हैं। रूसी सैनिक भी शहरों में घुस गए हैं और हमले कर रहे हैं। इसी बीच एक दिलचस्प वाक्या हुआ। यूक्रेन में घुसा एक रूसी सैनिक गलती से यूक्रेन के नागरिकों के बीच फंस गया। उन लोगों ने सैनिक को पकड़ लिया तो वो रोने लगा। आइए जानें फिर क्या हुआ।

यूक्रेनी नागिरकों ने पकड़ा

सोशल मीडिया में एख दिलचस्प वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो के देखने वाले लोग यूक्रेन के नागरिकों की तारीफों के पुल बांध रहे हैं। वीडियो में एक रूसी सैनिक दिखाई दे रहा है जो गलती से यूक्रेनी नागरिकों के बीच फंस गया है।

वो अपने को दूसरे देशों के नागरिकों से घिरा देखने के बाद फूट-फूट कर रोने लगा। वीडियो में उसके आंसू भी साफ देखे जा सकते हैं। वो अपने आंसुओं को पोछ भी रहा है। सैनिक काफी घबराया हुआ लग रहा है क्योंकि उसको अपनी जान जाने का खतरा है।

जानें यूक्रेनियों की क्यों हो रही है तारीफ

इस वीडियो को देखने के बाद लोग यूक्रेन के लोगों की तारीफ कर रहे हैं। इसकी वजह उनकी मानवता है जो उन्होंने उस देश के सैनिक के साथ दिखाई जो उनके देश में घुस आय़ा और हमले भी कर रहा था। रूसी सैनिक भले ही घबरा रहा था लेकिन यूक्रेन के नागरिकों ने उसके साथ कोई बुरा बर्ताव नहीं किया।

उन्होंने उल्टा सैनिक की घबराहट कम करने के लिए उसको चाय और ब्रेड खाने को दी। इतना ही नहीं उन लोगों ने उसकी मां से भी सैनिक की बात करवाई। यूक्रेनियों ने उसकी मांग को वीडियो कॉल किया और मां-बेटे की आपस में बात हुई। मां ने भी बेटे का हाल जाना और उसके कुशल होने पर चैन की सांस ली।

मां की आवाज सुनकर हो गया भावुक

रूसी सैनिक ने नागरिकों के सामने खुद को सरेंडर कर दिया था। इसके बाद लोगों ने उसका हौसला बढ़ाया और उसकी मां से बात करवाई। अपनी मां की आवाज सुनकर वो काफी भावुक हो गया तो लोगों ने उसको चुप करवाया और उसकी मां को भी बेटे के ठीक होने का आश्वासन दिया।

देखें वीडियो-


इसी वजह से यूक्रेन के नागरिकों की सोशल मीडिया पर जमकर सराहना की जा रही है। लोग कह रहे हैं कि इस संकट की घड़ी में भी इन लोगों ने अपनी मानवता नहीं खोई है और दुश्मन देश के सैनिक के साथ भी इंसानों जैसे सलूक ही किया है।

रूस सुनने को तैयार नहीं

जहां एक ओर यूक्रेन के लोग मानवता दिखा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर रूस कुछ भी सुनने को तैयार नहीं है। पुतिन ने पड़ोसी देश में हमले और तेज करवा दिए हैं। पश्चिमी देश लगातार रूस पर कई प्रतिबंध लगाते जा रहे हैं लेकिन रूस उनकी सुन ही नहीं रहा है। इसी वजह से अब परमाणु युद्ध का खतरा भी मंडराने लगा है।

Back to top button