दिलचस्प

बिहारी युवक पर आ गया फ्रांस की लड़की का दिल, शादी करने पहुंच गई गांव

प्यार न जाति देखता है, न ही कोई धर्म का बंधन। मोहब्बत को देश की सीमाओं में भी नहीं बांधा जा सकता है। अगर किसी को प्यार हो जाए तो वो कुछ भी कर गुजरने के लिए तैयार हो जाता है।

कुछ ऐसा ही हुआ फ्रांस की एक लड़की के साथ जिसको प्यार हो गया वो भी एक भारतीय युवक से। लड़की ने इसके बाद न धर्म देखा, न ही देश की दीवारें और अपने प्रेमी के साथ शादी करने पहुंच गई। आइए जानते हैं दोनों का प्यार कैसा परवान चढ़ा।

फ्रांस में हुई थी दोनों की मुलाकात

बिहार के रणवीर और फ्रांस की शर्लिन की लव स्टोरी बेहद रोचक है। दोनों की पहली मुलाकात फ्रांस में हुई थी। रणवीर ने चेन्नई से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। इसके बाद साल 2015 में वो फ्रांस चले गए थे और वहीं पर नौकरी करने लगे थे। रणवीर वहां पर एक कंपनी में बतौर सेल्स मैनेजर काम करते थे।

उनके ऑफिस के बगल में ही शर्लिन का कॉलेज था जहां पर वो ग्राफिक्स डिजाइनर का कोर्स कर रही थीं। यहीं पर दोनों की मुलाकात हो गई औऱ दोनों के बीच दोस्ती हो गई। ये दोस्ती धीरे-धीरे गहरी होती गई। हालांकि अब तक दोनों को एक दूसरे से प्यार का अहसास नहीं हुआ था।

भारत लौटा युवक तो शर्लिन को हुआ प्यार का अहसास

रणवीर और शर्लिन की दोस्ती साल 2015 से 2020 तक चली। हालांकि इसी बीच कोरोना महामारी आ गई और रणवीर को भारत वापस लौटना पड़ा। इसी के बाद शर्लिन को रणवीर की कमी खलने लगी और मोहब्बत का अहसास हुआ। इसके बाद दोनों ने एक दूसरे से प्यार का इजहार कर लिया और सोशल मीडिया के जरिए ही एक-दूसरे से जुड़े रहे।

दोनों ने साथ जीने की कसम खा ली और धर्म के बंधन को किनारे रखकर शादी करने का फैसला कर लिया। हालांकि अभी दोनों को ही अपने घरवालों को मनाना भी एक बड़ा काम था लेकिन जब दोनों ने साथ रहने की ठान ही ली थी तो घरवालों से तो बात करनी ही थी।

अपने परिवार के साथ रणवीर के गांव पहुंच गई शर्लिन

रणवीर ने अपने प्यार की बात घरवालों को बताई तो उन्होंने शादी के लिए हामी भर दी। वहीं शर्लिन के परिवार ने भी दोनों के रिश्ते को रजामंदी दे दी। इसके बाद शर्लिन अपने परिवार के साथ मुंगेर जिले के जमालपुर पहुंच गई।

शुक्रवार को दोनों ने हिन्दू रीति रिवाज से शादी भी कर ली। दोनों ने अपनी शादी को कोर्ट में रजिस्टर्ड भी करवा लिया है। देसी लड़के और विदेशी लड़की की ये शादी पूरे गांव में चर्चा का विषय भी बनी हुई है।

शर्लिन को बेहद पसंद है भारत

शर्लिन को भारत बेहद पसंद है। उसने भारत और यहां के रीतिरिवाजों के बारे में रणवीर से जाना और उसको काफी अच्छा महसूस हुआ। इसी के बाद उसने भारत में बसने का फैसला कर लिया। देसी-विदेशी जोड़ी को देखकर उनके परिवार और रिश्तेदार भी काफी खुश नजर आ रहे हैं। सभी दोनों को आशीर्वाद भी दे रहे हैं और दोनों की जोड़ी सलामत रहने की कामना भी कर रहे हैं।

Back to top button