समाचार

अंतिम सांस लेने से पहले महिला ने तिरुपति बालाजी को दान की पूरी संपत्ति, मंदिर को सौंपे 9.2 करोड़

एक महिला जीवन भर तिरुपति बालाजी की असीम भक्ति करती रहीं और जब अंतिम समय आया तो अपनी पूरी चल और अचल संपत्ति भगवान तिरुपति बालाजी को अर्पित करने के बाद ही प्राण छोड़े।

गौरतलब है कि आंध्र प्रदेश के तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) को एक महिला के परिवार ने 9.2 करोड़ रुपये का दान दिया है। इसमें 3.2 करोड़ रुपए का डिमांड ड्राफ्ट और 6 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी के डॉक्यूमेंट हैं। बता दें कि मंदिर को जिस महिला की ओर से ये दान दिया गया है, उनका निधन हो चुका है।

चेन्नई की डॉ. पर्वतम ने दान की संपत्ति

चेन्नई की डॉ. पर्वतम की बहन रेवती विश्वनाथम ने तिरुपति वेंकटेश्वर मंदिर समिति के अध्यक्ष को संपत्ति के कागजात सौंपते हुए अपील की है कि दान की गई राशि में से 3.2 करोड़ रुपए चिल्ड्रन सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल को भी दिए जाएं। इस अस्पताल में जानलेवा बीमारियों से पीड़ित बच्चों का इलाज किया जाता है।

मृत्यु से पहले बहन को दिए कागजात

डॉ. पर्वतम ने अपनी मृत्यु से पहले ही इस संपत्ति के कागजात और कैश दान करने के लिए अपनी बहन को कागजात सौंप दिए थे। उन्होंने इस संपत्ति को तिरुपति बालाजी मंदिर को दान कर दिया। रेवती विश्वनाथम और उनकी बहन की वसीयत की देखरेख करने वाले वी कृष्णन ने तिरुमाला मंदिर में ट्रस्ट के अध्यक्ष वाईवी सुब्बा रेड्डी को दस्तावेज सौंपे।

आपको बता दें कि डॉ. पर्वतम ने कभी शादी नहीं की थी, और मृत्यु के बाद उन्होंने अपनी सारी संपत्ति श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर को दान कर दी। उनकी बहन विश्वनाथम ने कहा कि उन्होंने एसवी प्रणदन ट्रस्ट और तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम की श्री बालाजी आरोग्य वरप्रसादिनी योजना (SVIMS) को दान दिया है।

तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) ट्रस्ट को डॉ पर्वतम के दान की गई संपत्ति के कागजात प्राप्त हो गए हैं। ट्रस्ट जल्द ही उनकी अंतिम इच्छा के अनुसार दान में प्राप्त इस संपत्ति का चैरिटी कार्यों के लिए इस्तेमाल करेगा।

Back to top button