दिलचस्पसमाचार

शादी-विदाई के बाद ससुराल जा रही दुल्हन वाट्सऐप पर देती रही प्रेमी को लोकेशन, फिर एक जगह हुई फुर्र

दूल्हा धूमधाम से बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचा। बड़े अरमानों से दूल्हे ने दुल्हन के गले में वरमाला डाला, फिर रात में वैवाहिक रस्मों के बीच सात फेरे लिए। फिर विदाई की घड़ी आ गई। दूल्हे के अरमानों को अब पर लग गए थे, उड़ने के लिए उन्होंने फड़फड़ना शुरू कर दिया था। दूल्हा अपने अरमानों को लिए कार में दुल्हन को लेकर अपने घर की तरफ बढ़ रहा था। लेकिन तभी दुल्हन के ससुराल पहुंचने से पहले ही दूल्हे के अरमानों पर पानी फिर गया और उसके तोते उड़ने लगे।

छत्तीसगढ़ के कांकेर में एक शादी के बाद जो हुआ वो अब तक आपने शादय फिल्मों में ही देखा होगा। दरअसल शादी के मंडप से दूल्हा संग विदा हुई दुल्हन फिल्मी स्टाइल में रास्ते से प्रेमी के साथ फुर्र हो गई।

इस दौरान दुल्हन लगातार अपने प्रेमी को वाट्सएप (whatsapp) पर लोकेशन भेजती रही। दूल्हे के कार के पास प्रेमी की कार जैसे ही पहुंची दुल्हन ने बाथरूम जाने के बहाने गाड़ी रूकवाई और पीछे चल रही प्रेमी की कार में बैठकर फरार हो गई।

दुल्हन के घरवाले थाने पहुंचे

दुल्हन के बीच रास्ते फरार हो जाने की सूचना मिलते ही उसके परिजन थाने पहुंच गए। सूचना मिलते ही आसपास के इलाके की पुलिस सतर्क हो गई. नाकेबंदी के बाद दोपहर एक बजे कांकेर थाना की पुलिस ने फरार दुल्हन और उसके प्रेमी को पकड़ लिया।

पुलिस ने जब दुल्हन को उसके प्रेमी के साथ पकड़ा तो दुल्हन ने कहा कि प्रेमी ने उसे नहीं बल्कि प्रेमी को उसने अपने साथ भगाया है। उधर घटना के बाद दूल्हा और उसके घर वाले भी सीधे मानपुर थाना पहुंच गए क्योंकि बिना बहू लिए सीधे वापस गांव पहुंचने से परिवार को काफी शर्मिंदगी झेलनी पड़ती।

दोनों प्रेमी-प्रेमिका की पहचान दंतेवाड़ा निवासी आरती सहारे और बस्तर जिले के रहने वाले विकास गुप्ता के रूप में हुई। दोनों शादी करना चाहते थे लेकिन युवती का परिवार शादी के लिए तैयार नहीं था। लड़की के बालिग होते ही उसके घरवालों ने महाराष्ट्र के सांवरगांव के युवक से उसकी शादी तय कर दी गई।

युवती ने पिता से काफी मिन्नतें की लेकिन पिता नहीं माने जिसके बाद युवती ने पहले भी प्रेमी संग भागने कोशिश की थी लेकिन पहरेदारी की वजह से नाकाम रही। युवती ने कहा कि वह शादी के दौरान भाग ना जाए इसलिए उसकी बुआ पूरे समय उसे पकड़ कर रखती थी। इसीलिए उसने इस तरह भागने का प्लान बनाया। मामले में पुलिस नियम और कानून के मुताबिक कार्रवाई कर रही है।

Back to top button