राजनीति

यूपी चुनाव में प्रचार अभियान से क्यों दूर हैं सोनिया और राहुल, प्रियंका गांधी बन रहीं है वजह?

क्या कांग्रेस पार्टी पर अब प्रियंका गांधी का वर्चस्व स्थापित होने वाला है? क्या सोनिया गांधी और राहुल गांधी के बाद अब प्रियंका गांधी कांग्रेस की कमान संभालने वाली हैं? ये सवाल इस लिए उठ रहें कि इस बार यूपी विधानसभा चुनाव जिसे मिनी लोकसभा चुनाव भी कहा जाता है, उससे सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने दूरी बना ली है और यूपी चुनाव में सिर्फ प्रियंका गांधी ही दिख रही हैं।

कांग्रेस ने यूपी चुनाव के छठे चरण के लिए स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की है, जिसमें सोनिया गांधी का नाम ही नहीं है। वहीं कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का नाम तो इस लिस्ट में है, लेकिन वह अब तक चुनाव प्रचार के लिए यूपी नहीं आए हैं।

यहां गौर करने वाली बात यह भी है कि मणिपुर चुनावों के लिए सोमवार को जारी स्टार प्रचारकों की लिस्ट में सोनिया गांधी का नाम सबसे ऊपर है। वहीं उत्तराखंड, गोवा और पंजाब के लिए कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में भी सोनिया गांधी शामिल थीं।

राहुल गांधी की अगर बात करें तो वह उत्तराखंड और पंजाब में कांग्रेस के चुनाव प्रचार में जोरशोर से जुटे हैं। लेकिन यूपी में उनकी भागीदारी बिल्कुल नहीं दिख रही। दरअसल जानकारों की मानें तो कांग्रेस आलाकमान उत्तर प्रदेश में यह पूरा चुनाव प्रियंका गांधी के ही चेहरे पर लड़ना चाहता है।

इससे पहले भी पंजाब में पिछली बार के विधानसभा चुनाव में राहुल गांधी वहां प्रचार अभियान में न के बराबर गए। वह पूरा चुनाव कैप्टन अमरिंदर सिंह के चेहरे पर ही लड़ा गया था। कांग्रेस वही रणनीति इस बार यूपी चुनाव में भी अपनाती हुई दिख रही है, जहां चुनाव का पूरा दारोमदार प्रियंका गांधी ने अपने कंधे पर उठा रखा है।

कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की सुगबुगाहट

कई जानकार इसे कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की कोशिश के तौर पर भी देख रहे हैं। दरअसल कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी एक तय समय के लिए यह पद संभाल रही है। वह खराब सेहत का हवाला देते हुए पहले ही यह पद छोड़ चुकी थीं। वहीं राहुल गांधी दोबारा कांग्रेस का अध्यक्ष बनने से साफ इनकार कर चुके हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि यूपी चुनाव में कांग्रेस अच्छा प्रदर्शन करती है तो प्रियंका गांधी को नया पार्टी अध्यक्ष बनाया जा सकता है और तब उनके पास आलोचकों को दिखाने के लिए यूपी चुनाव का रिजल्ट भी होगा।

क्या सोनिया-राहुल-प्रियंका की धुरी में दरार है?

विपक्ष इस बात को लेकर अक्सर कांग्रेस को आड़े हाथ लेता रहा है। कई विपक्षी नेताओं का मानना है कि राहुल और प्रियंका में आपस में नहीं बन रही। अभी हाल ही में यूपी के सीएम योगी ने कहा था कांग्रेस को भाई-बहन में हो रही खटपट ले बीतेगी। इस पर प्रियंका ने तीखा जवाब दिया था और कहा था भाई के लिए मैं अपनी जान भी दे सकती हूं।

Back to top button