दिलचस्पसमाचार

बहन को ससुराल पहुंचाने गया था भाई, दर्शन के बहाने मंदिर ले जाकर ननद से जबरन करवा दी शादी

लड़के को पकड़ कर जबरन शादी कराने का मामला बिहार में अक्सर सामने आता रहता है। इसी तरह का एक मामला बिहार के समस्तीपुर से फिर सामने आया है। जबरन दूल्हा बनाया गया ये लड़का अपनी बहन को उसके ससुराल छोड़ने गया था। इस दौरान बहन की ननद की शादी को लेकर वर्षों से परेशान परिजनों को दूसरा रास्ता दिख नही रहा था। बाकी जगहों पर शादी के लिए भारी दहेज की मांग की जा रही थी। जैसे ही अपनी बहन को ससुराल पहुंचाने भाई गया, बहन के ससुराल वालों ने उसे पकड़ लिया और मंदिर में ले जाकर बहन की ननद से शादी करा दी। पूरी घटना कैसे हुई विस्तार से आपको आगे बताते हैं-

घटना के मुताबिक दलसिंह सराय के साठा का रहने वाला युवक विनोद कुमार अपनी बहन को उसके ससुराल पहुंचाने गया था। इस दौरान बहन के ससुरालवालों ने युवक को पकड़ लिया और मोडवा खुदनेश्वर स्थान मंदिर लेकर चले गए। वहां लड़का कुछ समझ पाता तबतक उसे पाग पहनाकर लड़की को बिना दुल्हन के ड्रेस में उसके सामने खड़ा कर दिया। उसके बाद उससे जबरन वरमाला डलवाया और लड़की की मांग में सिंदूर डलवा दिया। वहीं लड़के ने अपनी शादी से इनकार किया है। विनोद कुमार ने कहा है कि उसकी शादी जबरदस्ती कराई गई है, उसने अपने मन से शादी नहीं किया है।

शादी का वीडियो हुआ वायरल


शादी का एक वीडियो भी इलाके में वायरल हो रहा है, जिसमें लड़के का जबरन हाथ पकड़कर वरमाला डलवाया जा रहा है। वहीं. दूसरी ओर लड़की उसके बगल में चुपचाप खड़ी दिख रही है। लड़के ने कहा है कि वो अपनी मर्जी से शादी करेगा। वो इस शादी को स्वीकार नहीं करेगा। वहीं दूसरी ओर बहन के ससुराल वालों ने कहा है कि लड़का सबकुछ छुपा रहा है।

परिजनों के मुताबिक लड़का अपनी बहन के साथ जब भी ससुराल आता था, उनकी बेटी से छुप-छुपकर मिलता था और और दोनों में प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसलिए परिवारवालों ने दोनों की शादी करा दी है। फिलहाल शादी के बाद दूल्हा दुल्हन को छोड़कर वहां से अपने गांव आ गया है और लड़की अपने परिवारवालों के पास है। घटना के बाद दोनों परिवारों में समझौते की बात चल रही है। वहीं लड़का इस तरह से की गई शादी से खुश नहीं होते हुए शादी से इनकार कर रहा है। हालांकि दोनों परिवार आपस में बातचीत कर मामले को सुलझाने में जुटे हैं।

Back to top button