समाचार

साले को थप्पड़ मारना दूल्हे को पड़ा भारी, भड़की दुल्हन ने तोड़ी शादी,हाथोंहाथ रिश्तेदार संग लिए फेरे

शादी सिर्फ दो लोगों का ही नहीं बल्कि पूरे परिवार का मेल होता है। एक दुल्हन चाहती है कि शादी के बाद उसका पति उसे और उसके घरवालों को मान-सम्मान दे। अक्सर लोग बहू से ही ससुरालवालों के मान-सम्मान की उम्मीद रखते हैं। लेकिन जमाई राजा थोड़ी बेइज्जती भी कर दे तो चुपचाप सह लेते हैं। हालांकि तमिलनाडु के कुड्डालोर जिले में रहने वाली युवती ने अपने परिवार के सम्मान की खातिर अपनी शादी तक तोड़ दी।

दूल्हे ने मारा साले को थप्पड़

दरअसल यह पूरा मामला कुड्डालोर जिले में एन पनरुती का है। यहाँ दूल्हा और दुल्हन स्टेज पर नाच रहे थे। तभी दुल्हन का चचेरा भी बीच में उनके साथ डांस करने आ गया। ये भाई दूल्हा-दुल्हन के कंधे पर हाथ रखकर डांस कर रहा था। इस बात से दुल्हा चिढ़ गया। उसने दुल्हन और उसके भाई को धक्का दे दिया। लड़की वालों का दावा है कि दूल्हे ने सभी मेहमानों के सामने दुल्हन के भाई को थप्पड़ भी मारा।

दुल्हन ने तोड़ी शादी

दूल्हे की इस हरकत को देखकर दुल्हन का दिमाग भी खराब हो गया। भाई की सरेआम बेइज्जती देख उसने दूल्हे से शादी करने से इनकार कर दिया। दुल्हन के घर वालों ने भी उसे इसकी मंजूरी दे दी। इसके बाद शादी में बहुत हंगामा हुआ। दूल्हा अगले दिन पनरुती महिला थाने में गया और दुल्हन के घरवालों के खिलाफ शिकायत दर्ज करावा सात लाख रुपये मुआवजे की मांग की। उसका कहना था कि शादी के चक्कर में उसका बहुत खर्चा हुआ है। अब उसे अपने पैसे वापस चाहिए।

दुल्हन ने शादी के मुहूर्त पर ही रचाई दूसरे से शादी

इस पूरे मामले में एक और दिलचस्प बात ये रही कि दुल्हन ने अपनी शादी की निर्धारित तिथि और समय पर एक अलग स्थान जाकर शादी रचा ली। उसे अपने दूर के रिश्तेदारों में से एक लड़का मिल गया जो उससे शादी करने को रेडी हो गया।

बताते चलें कि थप्पड़ वाली घटना शादी के एक दिन पहले 19 जनवरी को हुई थी। तब शादी का रिसेप्शन रखा गया था। इसी दौरान दूल्हा-दुल्हन डांस कर रहे थे और भाई बीच में आ गया था। हालांकि शादी कैंसिल होने के बाद अगले दिन यानि तय तारीख 20 जनवरी को दुल्हन ने किसी और शख्स से शादी रचा ली।

इस तरह दुल्हन का घर तो टूटते ही अगले दिन फिर से बस गया, लेकिन अकड़ू दूल्हा अपने बर्ताव की वजह से बिना दुल्हन हाथ मलता रह गया। वैसे इस पूरे मामले पर आपकी क्या राय है? क्या दुल्हन ने शादी तोड़ सही किया? अपने जवाब कमेंट में जरूर दें।

Back to top button