बॉलीवुड

वेटर का काम करते थे रोहित शेट्टी के पिता, फिर बने बॉलीवुड का सबसे बड़े स्टंट मास्टर

रोहित शेट्टी के पिता के साथ घर में ही एक ऐसा हादसा हुआ जिसने उनकी करियर चौपट कर दी

सत्तर के दशक में फिल्मों में स्टंट का बहुत बड़ा रोल हुआ करता था। फिल्मों में स्टंट मास्टर का करतब देखते ही बनता था। उस दौर में बिना विलेन और स्टंट मास्टर के किसी फिल्मों का सफल होना लगभग नामुमकिन था। उस दौर में फिल्म में चाहे कितने ही नामी हीरो क्यों ना हो अगर उस फिल्म में विलेन नहीं है तो फिल्म का चलना असंभव था।

आज आपको एक ऐसे ही स्टंट मास्टर की कहानी सुनाते हैं जो आजीविका कमाने के लिए मुंबई आया लेकिन फिर उसने कुछ ऐसा किया कि बॉलीवुड का सबसे नामी गिरामी विलेन और स्टंट मास्टर बन गया।

यह कहानी है बॉलीवुड के डायरेक्टर व प्रोड्यूसर रोहित शेट्टी के पिता एमबी शेट्टी की। एमबी शेट्टी गुजरे जमाने में फिल्मों के सुप्रसिद्ध विलन रहे हैं। एमबी शेट्टी ने फिल्मों में विलेन का रोल अदा करने के साथ-साथ स्टंट डायरेक्टर का किरदार भी बखूबी निभाया लेकिन उनका शुरुआती दौर बहुत ही संघर्षमय था।

दरअसल एमबी शेट्टी की पढ़ाई में ज्यादा दिलचस्पी नहीं थी जिसके कारण उनके पिता ने उन्हें मुंबई भेज दिया। एमबी शेट्टी के पिता ने बेटे को मुंबई यह सोच कर भेजा कि वे वहां पर कोई ना कोई काम सीख कर पैसे कमा लेंगे और आजीविका अर्जित कर लेंगे।

इसी क्रम में एमबी शेट्टी जब मुंबई पहुंचे तो सबसे पहले उन्होंने एक रेस्तरां में वेटर का काम संभाला, लेकिन इस काम में उनका मन नहीं लगा फिर उन्होंने बॉक्सिंग करने की ठानी। यह काम उनका सही चल पड़ा। बॉक्सिंग में उन्होंने खूब नाम कमाया। कई टूर्नामेंट जीते। रोहित शेट्टी के पिता एमबी शेट्टी ने करीब 8 सालों तक बॉक्सर के तौर पर काम किया।

बॉक्सिंग के बाद उन्हें फिल्मों में फाइट इंस्ट्रक्टर का काम मिला। 1956 में आई फिल्म हीर से बतौर फाइट इंस्ट्रक्टर उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होने फिल्मों में एक्शन कोऑर्डिनेटर के तौर पर काम करना शुरू किया। एमबी शेट्टी यहीं नहीं रुके। उन्होंने एक्टिंग में भी अपना भाग्य आजमाया।

एमबी शेट्टी ने 1957 में एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा। उन्होने द ग्रेट गैंबलर, त्रिशूल, डॉन, कसमें वादे, शालीमार, खेल-खेल में, वारंट जैसी कई फिल्मों में काम किया।

उनके इस विलन अवतार को दर्शकों ने खूब प्यार दिया। लेकिन परदे पर बड़े-बड़े स्टंट करने वाला यह स्टंट मास्टर एक दिन अपने घर में अचानक फिसल कर गिर गया। जिसके कारण MB Shetty को काफी चोटें आई। इस हादसे के बाद वे स्टंट करने के लायक नहीं बचे। कई लोग इसके पीछे उनका शराब पीने की आदत को भी जिम्मेदार मानते हैं। इन तमाम उहापोह  के बीच 23 जनवरी 1982 को एमबी सेट्टी जैसा महान कलाकार दुनिया को अलविदा कह गया।

Back to top button