अध्यात्म

Navratri: महंगी मिठाई या 56 भोग से नहीं, इन 9 चीजों का भोग लगाने से खुश होती हैं माता रानी

नवरात्रि का पावन पर्व कल यानि 7 अक्टूबर से शुरू हो रहा है। ऐसे में भक्त अभी से माता रानी को प्रसन्न करने की तैयारी में लग गए हैं। कोई बाजार से माता की मूर्ति खरीदकर ला रहा, तो कोई माता के शृंगार का सामान खरीद रहा है। नवरात्रि में लोग माता रानी को भोग भी लगाते हैं। सामान्यतः लोगों की धारणा होती है कि वे मां को महंगी मिठाइयां या छप्पन भोग लगाएंगे तब ही वह प्रसन्न होगी। लेकिन सच तो ये है कि मां गुड़, घी और दूध सहित सिंपल सी 9 चीजों से भी खुश हो जाती हैं।

नवरात्रि 9 दिनों तक चलती है। हर दिन एक विशेष माता का दिन होता है। ऐसे में यदि आप प्रत्येक दिन हमारे बताए अनुसार माता रानी को खास चीजों का भोग लगाएं तो वह आप से जल्दी प्रसन्न होंगी। कहते हैं कि नवरात्रि में माता रानी धरती पर विचरण करती है। इसलिए इन दिनों जिसने मां को प्रसन्न कर उनका आशीर्वाद ले लिया उसके भाग्य खुल जाते हैं। फिर उसे जीवन में कभी किसी चीज की कमी नहीं होती है। तो चलिए बिना किसी देरी के जानते हैं कि आपको किस दिन किस चीज का भोग लगाना चाहिए।

maa durga

1. नवरात्रि के प्रथम दिन मां दुर्गा के शैलपुत्री स्वरूप का पूजन होता है। इस दिन गाय का घी चढ़ाने से मां शैलपुत्री प्रसन्न होती हैं। यदि आप चाहे तो गाय के घी का हलवा भी भोग में लगा सकते हैं।

2. नवरात्रि का दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी का दिन माना जाता है। इस दिन शक्कर का भोग लगाना शुभ होता है। आप अपनी क्षमता अनुसार इस शक्कर से कोई मिठाई बनाकर भी भोग में चढ़ा सकते हैं।

3. नवरात्रि के तीसरे दिन मां चंद्रघंटा को पूजा जाता है। इस दिन दूध का भोग चढ़ाना शुभ होता है। इसी दिन दूध का दान करना भी पुण्य का काम होता है।

milk in glass

4. नवरात्रि का चौथा दिन मां कूष्माण्डा का दिन होता है। इस दिन मालपुआ का भोग लगाना उचित रहता है। ऐसा करने से मां प्रसन्न होती है और हमे सद्बुद्धि प्रदान करती है।

5. नवरात्रि के पांचवें दिन स्कंदमाता की पूजा होती है। इस दिन केले का भोग चढ़ाने से माता रानी प्रसन्न हो जाती है। उनके आशीर्वाद से हमारे जीवन में सुख और शांति आती है।

6. नवरात्रि के 6वें दिन कात्यायनी देवी का पूजन होता है। इस दिन शहद का भोग लगाना लाभकारी होता है। इससे आपकी आकर्षण शक्त्ति में वृद्धि होती है।

7. नवरात्रि का 7वां दिन मां कालरात्रि का होता है। इस दिन गुड़ का भोग लगाने और ब्राह्मणों को दान करने से माता रानी प्रसन्न होती है। इससे हमारे जीवन के सभी संकट दूर होते हैं।

8. नवरात्रि के आठवें दिन माता गौरी की पूजा होती है। इस दिन नारियल का भोग लगाना शुभ होता है। इससे संतान से जुड़ी समस्या का समाधान होता है।

9. नवरात्रि का अंतिम यानि नौवां दिन मां सिद्धिदात्री का होता है। इस दिन आपको तिल का भोग लगाना चाहिए। वहीं इस दिन कन्याओं को हलवा, चना-पूरी, खीर और पुए खिलाना बहुत लाभकारी होता है। आप चाहें तो कन्याओं को भेंट स्वरूप कुछ पैसे या कोई सामान भी दे सकते हैं।

Back to top button